अजीजपुरा में चार माह से कम दबाव में पानी की आपूर्ति, नागरिकों में आक्रोश
मजीप्रा कार्यालय पर सैकड़ों महिला-पुरुषों का मोर्चा और धरना आंदोलन

अंजनगांव सुर्जी/दि.20 – शहर के अजीजपुरा (जोड़ मारोती) क्षेत्र में पिछले चार महीनों से कम दबाव में पानी की आपूर्ति होने से परेशान नागरिकों ने बुधवार 19 अगस्त को महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर सैकड़ों महिला-पुरुषों की मौजूदगी में धरना आंदोलन किया. क्षेत्र के नागरिकों के मुताबिक उन्हें नियमित और पर्याप्त दबाव से पानी नहीं मिल रहा है. पानी के लिए नागरिकों को रातभर जागकर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है. कई बार घंटों इंतजार करने के बावजूद पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता, इससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या को लेकर संबंधित ठेकेदार और वॉल्वमैन से कई बार शिकायत एवं संपर्क करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकलने पर आखिरकार नागरिकों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया और नागरिकों ने पानी की आपूर्ति तत्काल सुचारु कर पर्याप्त दबाव के साथ नियमित पानी उपलब्ध कराने की मांग की. दस दिनों में समस्या दूर करने का लिखित आश्वासन दिया. आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए शाखा अभियंता एच. आर. गजभिये ने नागरिकों से चर्चा की उन्होंने अजीजपुरा (जोड़ मारोती) क्षेत्र की जलापूर्ति की समस्या दूर कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया.
अधिकारी के आश्वासन के बाद आंदोलन के संबंध में आगे की भूमिका तय करने की बात नागरिकों ने कही साथ ही 10 दिनों के भीतर जलापूर्ति सुचारु नहीं होने पर दोबारा तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई. नागरिकों ने कहा कि, पानी प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है इसलिए प्रशासन द्वारा दिया गया. आश्वासन निर्धारित समय में पूरा कर क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल सुधारना आवश्यक है. इस आंदोलन का नेतृत्व नितेश श्रीराम घन, अब्दुल वाजीद और सिद्धार्थ सावले ने किया. विजय धारपवार, विनोद सोनवणे, संतोष घन, सीमा भारसाकले, विलास इंगले, ज्ञानेश्वर भोंडे, समाधान भारसाकले, शोभा भारसाकले, प्रवीण पाटे, गजानन कराले, प्रमोद अंधारे और दिलीप कल्याणकर, सुरेश गारोलीकर सहित सैकड़ों महिला-पुरुष नागरिक आंदोलन में शामिल हुए.





