नागरिकों को लूटने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

नकद राशि बरामद, परतवाडा पुलिस की कार्रवाई

* बैंक से पैसे निकालने वाले ग्राहकों को बनाते थे निशाना
अमरावती/दि.7 – बैंक से नकदी निकालने वाले लोगों का पीछा कर उनकी रकम चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को परतवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. गिरफ्तार आरोपी का नाम मध्यप्रदेश के राजगढ जिले में आने वाले कडिया ग्राम निवासी बाबू विक्रमसिंग सिसोदिया (25) है. दो आरोपी फरार बताये जाते हैं.
जानकारी के मुताबिक 6 जुलाई को अचलपुर के अभिनव कालोनी निवासी परिमल विजय पुरी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा, अचलपुर से 1.20 लाख रुपये निकाले और अपनी मोपेड की डिक्की में रख दिए. इसके बाद आरोपी उनका पीछा करते हुए मिल कॉलोनी स्टॉप, परतवाड़ा पहुंचे और मौका पाकर मोपेड की डिक्की से पूरी नकदी चोरी कर फरार हो गए. घटना की शिकायत पर परतवाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरु की. थानेदार अजय आकरे ने विशेष दल गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए.
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध बाबू विक्रम सिंह सिसोदिया (25) को अंजनगांव सुर्जी से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी शिवराज सोनू सांसी और बसंत बनवारी सांसी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी बाबू सिसोदिया के कब्जे से चोरी की रकम में से 10 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं. वहीं, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी की रकम की बरामदगी के लिए पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है.
अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक से नकदी निकालते समय सतर्क रहें. यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति आपका पीछा करता दिखाई दे तो तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दें. साथ ही नकदी या कीमती सामान वाहन की डिक्की में छोड़ने से बचें. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़ तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थानेदारे अजय आकरे, अंजनगांव सुर्जी के थानेदार सूरज बोंडे के नेतृत्व वाले संयुक्त दल ने की.

Back to top button