‘मनी म्यूल’ रैकेट का शिकंजा, दो मामलो में तीन और गिरफ्तार
अब तक कुल 20 आरोपी गिरफ्तार

* किराए के बैंक खातों से करोडो की साइबर ठगी
* अमरावती शहर और जिले में अब तक 9 मामले दर्ज
अमरावती/दि.27- किराए पर लिए गए बैंक खातों के जरिए करोडों रुपए की साइबर ठगी करने वाले ‘मनी म्यूल’ रैकेट के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है. शिरखेड और शिरजगांव कसबा पुलिस स्टेेशन में दर्ज दो मामलों में तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इन दोनों प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है.
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क शिरखेड, शिरजगांव, अमरावती शहर, दर्यापुर, वरुड और दत्तापुर तक फैला हुआ था. रैकेट में स्थानीय आरोपियों के साथ उत्तर प्रदेश से जुडे लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है. शिरखेड पुलिस ने 25 जुलाई को वरुड निवासी सूरज सुरेशराव डंडोले (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं दूसरी कार्रवाई में अमरावती रामपुरी कैंप निवासी निखिलेश जयरामदास लखानी (35) और साहिल सुनील जामनानी (32) को गिरफ्तार किया गया. अदालत ने दोनों आरोपियों को 28 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए है.
* गोवा के कॉल सेंटर से जुडे तार
जांच के दौरान अमरावती ग्रामीण साइबर पुलिस ने पहले गोवा में एक हाई-प्रोफाईल फ्लैट से संचालत कॉल सेंटर पर छापा मारकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. वहां से बडी संख्या में बैंक पासबुक, मोबाईल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए थे. इसके बाद कथित बिचौलियों विजय जामनानी और राकेश जामनानी को भी गिरफ्तार किया गया.
* शहर में भी दर्ज हुआ मामला
अमरावती शहर साइबर पुलिस स्टेशन में भी एक महिला की शिकायत पर 18 जुलाई को शिखिलेश लखानी, विजय महेशलाल जामनानी और मयूर मोटवानी के खिलाफ धोखाधडी और अपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक अमरावती शहर और ग्रामीण क्षेत्र में ‘मनी म्यूल’ रैकेट से जुडे कुल 9 मामले अब तक दज्र किए गए है. जांच एजेंसियां इस रैकेट के आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों के इस्तेमाल और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है.





