गुजराती एज्यू. सोसा. को नई ऊंचाइयों तक ले जाना मेरी पहली प्राथमिकता
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ का विशेष साक्षात्कार में कथन

* चुनाव में मिली जीत को बताया समाज और शिक्षाप्रेमियों का विश्वास
* आधुनिक शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण का किया वादा
अमरावती/दि.29- गतरोज हुए चुनाव पश्चात गुजराती एज्यूकेशन सोसायटी के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष व शहर के ख्यातनाम बालरोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन सेठ ने अपनी जीत के बाद दैनिक अमरावती मंडल के साथ विशेष तौर पर बातचित करते हुए कहा कि सबसे पहले मैं गुजराती समाज, संस्था के सभी सदस्यों, मतदाताओं और शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि शिक्षा, पारदर्शिता और विकास के प्रति लोगों के विश्वास की जीत है. जिस भरोसे के साथ मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करूंगा.
संस्था में उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अपनी प्रमुख प्राथमिकता के बारे में बातचित करते हुए डॉ. नितिन सेठ ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगी. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. विद्यार्थियों को महानगरों जैसी सुविधाएं अमरावती में ही उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा. साथ ही बदलते समय में तकनीकी शिक्षा को लेकर रहनेवाली अपनी योजनाओं के बारे में बात करते हुए नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का है. इसलिए संस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआय), रोबोटिक्स, कोडिंग, डेटा साइंस, फाइनेंशियल लिटरेसी, एंटरप्रेन्योरशिप, स्पोकन इंग्लिश, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और कम्युनिकेशन स्किल्स जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा. साथ ही स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक कंप्यूटर लैब और ई-लर्निंग सुविधाओं का विस्तार भी हमारी कार्ययोजना का हिस्सा होगा.
इस बातचित के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कदम उठाए जाने को जरूरी बताते हुए नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए. हम खेल, संगीत, कला, विज्ञान, वाद-विवाद, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण जैसी गतिविधियों को भी समान महत्व देंगे. हमारा उद्देश्य ऐसे विद्यार्थी तैयार करना है जो केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफल हों. इसके साथ ही डॉ. नितिन सेठ ने यह भी बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए संस्था द्वारा नीट, जेईई, यूपीएससी व सीए सहीत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है. समय-समय पर करियर काउंसलिंग, प्रेरणादायी व्याख्यान और विशेषज्ञों के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को सही दिशा मिल सके.
इसके साथ ही उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने अपनी कार्ययोजनाओं के बारे में बातचित करते हुए कहा कि संस्था से निकले कई पूर्व विद्यार्थी देश और विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं. हम उन्हें संस्था से जोड़ने का प्रयास करेंगे ताकि उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों को मिल सके. इससे संस्था का नेटवर्क भी मजबूत होगा और विद्यार्थियों को नए अवसर प्राप्त होंगे. उनकी स्पष्ट मान्यता है कि कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए. छात्रवृत्ति योजनाओं और सहायता निधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कार्य किया जाएगा. जरूरतमंद विद्यार्थियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा.
संस्था के भविष्य के भविष्य को लेकर बातचित करते हुए उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने कहा कि मैं गुजराती एजुकेशन सोसायटी को केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि उत्कृष्टता का केंद्र बनते हुए देखना चाहता हूं. आधुनिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी के संतुलन के साथ हम ऐसी पीढ़ी तैयार करना चाहते हैं, जिस पर समाज और देश गर्व कर सके. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैं एक बार फिर सभी मतदाताओं और समाजजनों का आभार व्यक्त करता हूं. पिछले 40 वर्षों से एक चिकित्सक के रूप में समाजसेवा करता आया हूं. अब उसी सेवा भावना के साथ संस्था के विकास के लिए कार्य करूंगा. मेरा हर निर्णय संस्था, विद्यार्थियों और समाज के हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा. मेरा विश्वास है कि हम सभी के सहयोग से गुजराती एजुकेशन सोसायटी को नई पहचान और नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकेंगे.





