संजय राउत का शिर्डी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे पर तीखा हमला

पैसों की लालच में पार्टी बदलने के लगाए गंभीर आरोप

शिर्डी /दि.29- शिवसेना उबाठा के नेता एवं सांसद संजय राउत ने शिर्डी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बागी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने वाकचौरे पर पार्टी से विश्वासघात करने और पैसों के लालच में पार्टी बदलने का आरोप लगाया.
सभा को संबोधित करते हुए संजय राउत ने कहा कि शिर्डी का सांसद सबसे बड़ा गद्दार है. उसने पहले भी विश्वासघात किया, फिर माफी मांगकर वापस आया और सांसद बना. लेकिन अब वह 100 करोड़ रुपये में बिक गया. राउत ने दावा किया कि जब उद्धव ठाकरे ने उनसे पार्टी छोड़ने की चर्चाओं पर सवाल किया था, तब वाकचौरे ने तीन बार साईंबाबा की शपथ लेकर पार्टी न छोड़ने की बात कही थी.
राउत ने कहा कि वाकचौरे सांसद अपनी ताकत से नहीं, बल्कि पार्टी और शिवसैनिकों की मेहनत से बने थे. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में पार्टी ने पूरा खर्च उठाया और शिवसैनिकों ने प्रचार किया, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी. अपने भाषण के दौरान राउत ने बागी सांसदों पर भी हमला बोला और कहा कि उद्धव ठाकरे के राज्यव्यापी दौरे से महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक माहौल बन रहा है. उन्होंने दावा किया कि जनता बागी नेताओं को सबक सिखाएगी और भविष्य में उन्हें लोकसभा का चेहरा भी देखने को नहीं मिलेगा. इस दौरान राउत ने कार्यकर्ताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि शिवसेना अपने विचारों और कार्यकर्ताओं के दम पर आगे भी मजबूत बनी रहेगी, जबकि पार्टी छोड़ने वाले नेता आते-जाते रहेंगे.

Back to top button