थाईलैंड में नौकरी का झांसा, म्यांमार में बंधक बना बीड का युवक

ऑनलाइन ठगी के लिए मजबूर करने का आरोप

बीड/दि.29 – थाईलैंड में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बीड जिले का एक युवक म्यांमार-थाईलैंड-लाओस सीमा के कुख्यात ‘गोल्डन ट्रायंगल’ इलाके में फंस गया है. पीड़ित ने अपने दोस्त को फोन कर दावा किया कि उसे और सैकड़ों भारतीय युवाओं को बंधक बनाकर ऑनलाइन ठगी कराने के लिए मजबूर किया जा रहा है. काम करने से इनकार करने पर मारपीट, भोजन न देने और हत्या तक की धमकी दी जाती है.
जानकारी के अनुसार, बीड का युवक 4 जून को एक ऑनलाइन नौकरी के विज्ञापन के जरिए बैंकॉक पहुंचा था. उसे सोशल मीडिया से जुड़े काम का ऑफर दिया गया था. लेकिन बैंकॉक पहुंचते ही कथित तौर पर हथियार के बल पर उसके दस्तावेज छीन लिए गए और उसे अवैध रूप से म्यांमार ले जाया गया. पीड़ित ने अपने दोस्त को बताया कि वहां 500 से 600 लोग बंधक बनाए गए हैं, जिनमें महाराष्ट्र के भी 20 से 30 युवक शामिल हैं. उनसे ऑनलाइन साइबर ठगी कराई जा रही है. विरोध करने पर मारपीट की जाती है और खाना भी नहीं दिया जाता. युवक ने यह भी दावा किया कि उसके सामने कुछ लोगों की हत्या कर दी गई.
पीड़ित के दोस्त ने बताया कि युवक ने व्हाट्सऐप वॉयस कॉल के जरिए पूरी आपबीती सुनाई और मदद की गुहार लगाई. इसके बाद परिजनों के साथ बीड साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. बीड साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है ताकि फंसे हुए युवाओं को सुरक्षित वापस लाया जा सके. पीड़ित परिवार और उसके मित्र ने राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार से अपील की है कि म्यांमार-थाईलैंड सीमा पर फंसे सभी भारतीय युवाओं को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं.

Back to top button