जालना में दो भीषण सड़क हादसे, तीन की मौत

पुलिस भर्ती का सपना भी अधूरा रह गया

जालना/दि.29 – जालना जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इन दर्दनाक घटनाओं से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई है.
पहली घटना जालना-अंबड हाईवे पर हुई, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में जाफराबाद तहसील के कुंभारझरी गांव के दो जिगरी दोस्तों विकास चव्हाण और सागर बर्डे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है. वहीं दूसरी घटना बदनापुर तहसील के अकोला गांव में हुई, जहां पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे देवानंद गीते की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई. देवानंद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पुलिस में भर्ती होकर परिवार का सपना पूरा करना चाहता था, लेकिन हादसे ने उसके सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया. इन दोनों हादसों में तीन युवाओं की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे जालना जिले में शोक का माहौल है.
* नागपुर में दुकान में घुसी कार
उधर, नागपुर में भी देर रात एक तेज रफ्तार कार वासुदेव नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक पोहे की दुकान में जा घुसी. हादसे में दुकान को करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ. राहत की बात यह रही कि घटना रात करीब 1.30 बजे हुई, इसलिए दुकान में कोई मौजूद नहीं था और कोई जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात तेज रफ्तार और रेसिंग जैसी गतिविधियों के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Back to top button