चारपहिया गैर-परिवहन वाहनों के लिए नई नंबर सीरीज शुरू

पसंदीदा नंबर के लिए 8 अक्टूबर तक आवेदन

एक से अधिक दावेदार होने पर 9 अक्टूबर को नीलामी
अमरावती/दि.2 – गैर-परिवहन (चारपहिया) वाहनों के लिए नई वाहन नंबर सीरीज शुरू की जा रही है. इच्छुक आवेदक 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक निर्धारित शुल्क के डिमांड ड्राफ्ट के साथ आवेदन परिवहन कार्यालय, कैंप, अमरावती की खिड़की क्रमांक 25 पर जमा कर सकते हैं. यह जानकारी प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने दी.
आवेदक को वाहन मालिक के नाम से आवेदन के साथ पते का प्रमाण और पैन कार्ड लगाना होगा. साथ ही वाहन मालिक के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर आवेदन में दर्ज करना अनिवार्य है. पसंदीदा नंबर के शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट अमरावती कैंप शाखा, ट्रेजरी शाखा कोड 003866 के नाम से देय होना चाहिए. यदि किसी नंबर के लिए केवल एक आवेदन प्राप्त होता है तो उसे संबंधित आवेदक को दिया जाएगा. एक ही पसंदीदा नंबर के लिए दो या अधिक आवेदन आने पर संबंधित सूची 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे कार्यालय के सूचना फलक पर प्रदर्शित की जाएगी. ऐसे आवेदकों को 9 अक्टूबर को दोपहर 1.30 बजे तक अतिरिक्त राशि का डिमांड ड्राफ्ट बंद लिफाफे में खिड़की क्रमांक 25 पर जमा करना होगा. इसके बाद 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे प्रादेशिक परिवहन अधिकारी के कक्ष में उपस्थित रहना होगा. आवेदक या उनके प्रतिनिधि को पहचान पत्र और प्राधिकरण पत्र साथ लाना अनिवार्य रहेगा.
आवेदकों के सामने अतिरिक्त राशि वाले डिमांड ड्राफ्ट खोले जाएंगे और सबसे अधिक राशि का ड्राफ्ट जमा करने वाले आवेदक को संबंधित पसंदीदा नंबर दिया जाएगा. अन्य आवेदकों के ड्राफ्ट वापस किए जाएंगे. निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. आरटीओ कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पसंदीदा नंबर के संबंध में किसी भी आवेदक को फोन, मोबाइल कॉल या एसएमएस के माध्यम से अलग से सूचना नहीं दी जाएगी.

Back to top button