अमरावती की 498 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू

24 जुलाई को जारी होगी प्रारूप सूची

अमरावती /दि.16 राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले की 498 ग्राम पंचायतों में आगामी ग्राम पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. जिन ग्राम पंचायतों में निर्वाचन क्षेत्र निर्धारण और आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां 24 जुलाई को वार्डवार प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
पांच माह से प्रशासकों के अधीन चल रही इन ग्राम पंचायतों में अब चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है. आयोग ने भारी बारिश के कारण प्रभावित कार्यों को देखते हुए अंतिम वार्डवार आरक्षण सूची प्रकाशित करने की समय-सीमा 24 जुलाई तक बढ़ा दी थी. निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 अप्रैल की विधानसभा मतदाता सूची को आधार बनाकर उसका कंप्यूटरीकरण किया जाएगा. इसके बाद वार्डवार मतदाता सूची तैयार कर ग्राम पंचायत, तलाठी साजा, मंडल अधिकारी, पंचायत समिति तथा तहसील कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित की जाएगी.
* कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
24 जुलाई को वार्डनिहाय प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन के बाद मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्डनिहाय अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
* मेलघाट क्षेत्र का कार्यक्रम अलग
चिखलदरा और धारणी तहसील के पेसा क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम अलग से घोषित किया जाएगा. इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है. उधर, जिले की 556 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के प्रत्यक्ष आरक्षण की प्रक्रिया भी अभी पूरी की जानी बाकी है, जिसके बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा

Back to top button