पुसद के किसान मार्केट यार्ड को मिला वसंतराव नाईक सामूहिक पुरस्कार

किसान मार्केट यार्ड के संचालक गिरीश अग्रवाल का मुंबई में हुआ सम्मान

* उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों समारोह पूर्वक पुरस्कार प्रदान
पुसद/दि.3- कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए यवतमाल जिले के पुसद स्थित किसान मार्केट यार्ड का चयन प्रतिष्ठित वसंतराव नाईक सामूहिक पुरस्कार के लिए किया गया है. यह सम्मान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वसंतराव नाईक की 113वीं जयंती एवं कृषि दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया.
वसंतराव नाईक प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शुभहस्तों से किसान मार्केट यार्ड के संचालक गिरीश अग्रवाल को शाल, श्रीफल, स्मृतिचिह्न तथा एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण केंद्र में किया गया.
प्रतिष्ठान के कार्याध्यक्ष अविनाश व. नाईक द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि कृषि एवं उससे संबंधित क्षेत्रों में किसान मार्केट यार्ड द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों, किसानों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कृषि विकास में दिए गए योगदान को देखते हुए संस्था का चयन इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए किया गया है. किसान मार्केट यार्ड के संचालक गिरीश अग्रवाल तथा उनकी टीम को इस उपलब्धि पर प्रतिष्ठान की ओर से बधाई दी गई. साथ ही संस्था के सभी सहयोगियों के कार्यों की सराहना करते हुए कृषि क्षेत्र में इसी प्रकार कार्य करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की गई.
कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सम्मान किसान मार्केट यार्ड द्वारा किसानों को बेहतर बाजार व्यवस्था, कृषि उत्पादों के विपणन तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए किए गए प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है. इस सम्मान से पुसद सहित पूरे यवतमाल जिले में हर्ष का वातावरण है. विभिन्न किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने किसान मार्केट यार्ड की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है.

Back to top button