राजस्व वसूली का ‘अप्पर’ रिकॉर्ड, 51 करोड का टप्पा पार

पानीपट्टी की वसूली में नया इतिहास, लक्ष्य की तुलना में 122 फीसद रकम जमा

अमरावती/दि.10- जिले की भाग्यरेखा माने जाते उर्ध्व वर्धा यानि अप्पर वर्धा प्रकल्प में केवल जलसंग्रहण में ही नहीं, बल्कि राजस्व वसूली में भी अव्वल स्थान हासिल करते हुए एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. वर्ष 2025-26 के आर्थिक वर्ष के दौरान सिंचाई व गैर सिंचाई जैसे दोनों क्षेत्रों से लगभग 51.51 करोड रुपयों की रिकॉर्ड वसूली की गई है.
जानकारी के मुताबिक आर्थिक वर्ष 2025-26 में सिंचाई क्षेत्र से 2.164 करोड रुपए की वसूली करने का लक्ष्य अप्पर वर्धा प्रकल्प को दिया गया था. काम के नियोजन व सतत किए गए प्रयास के तहत बकाएदार रहनेवाले लाभधारकों को पानीपट्टी भरने हेतु किए गए आवाहन के चलते इस विभाग में करीब 76 लाख रुपए वसूल किए. इसके साथ ही इस प्रकल्प से गैर सिंचाई कामों हेतु पानी लेनेवाले सभी महकमों को मार्च 2026 से पहले बकाया अदा करने की सूचना दी गई थी. जिसके चलते गैर सिंचित क्षेत्र हेतु तय किए गए 40 करोड रुपयों के लक्ष्य की तुलना में 50.75 करोड रुपयों की रिकॉर्ड वसूली की गई. जिसके चलते सिंचाई व गैर सिंचाई क्षेत्र की पानी पट्टी को मिलाकर लगभग 51.51 करोड रुपयों की सर्वाधिक वसूली का रिकॉर्ड दर्ज हुआ.
अप्पर वर्धा प्रकल्प के इतिहास में पहली बार इतने बडे पैमाने पर पानीपट्टी की वसूली हो पाई है. जिसे साध्य करने हेतु अधीक्षक अभियंता मनीष राजभोज के नेतृत्व में प्रकल्प के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा दिन-रात मेहनत की गई. जिसकी बदौलत विभाग को दिए गए कुल लक्ष्य की तुलना में 122.17 फीसद वसूली हो पाई.

* यशस्वी नेतृत्व का परिणाम
मुख्य अभियंता जगत टाले व अधीक्षक अभियंता मनीष राजभोज के मार्गदर्शन में अप्पर वर्धा प्रकल्प के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पानी पट्टी की शत-प्रतिशत एवं लक्ष्य से अधिक वसूली के लिए दिन-रात मेहनत की. वर्ष 2016 में सिंचन पाटबांधारे विभाग में रुपांतरण होने के बाद अप्पर वर्धा प्रकल्प ने ऐतिहासिक काम किया.

* जिले की समृद्धि का आधार
अप्पर वर्धा प्रकल्प केवल जलसंग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकल्प अमरावती सहित वर्धा जिले के लिए सही मायनों में जीवनदायी साबित हुआ है. 85 हजार हेक्टेअर की सिंचाई क्षमता रहनेवाले इस प्रकल्प की वजह से असिंचित खेतों को अब सिंचाई की सुविधा मिल रही है. जिससे हजारों किसानों का जीवन स्तर उंचा उठा है. 564.05 दलघमी जलसंग्रहण के चलते केवल खेती भी नहीं, बल्कि अमरावती शहर की प्यास बुझाने में इस प्रकल्प की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसके साथ ही औद्योगिक जरुरतों को पूरा करते हुए यह प्रकल्प पूरे परिसर में भूजल स्तर को बनाए रखने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

* अप्पर वर्धा प्रकल्प विभाग को दिए गए कुल लक्ष्य की तुलना में करीब 122.17 फीसद वसूली पूरी हुई है. जिसमें उपविभागीय अभियंता, शाखा अभियंता, नहर निरीक्षक व क्षेत्रीय कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही.
– अनिकेत सावंत
कार्यकारी अभियंता, अप्पर वर्धा प्रकल्प.

Back to top button