दुपहिया को बचाने में पलटा रिक्शा, पांच विद्यार्थी जख्मी

बनोजाबाग /दि.17 – स्थानीय नये बस स्थानक परिसर में सोमवार सबेरे पांढरी के विद्यार्थी सीताबाई संगई शाला जा रहे थे. उस समय दुपहिया चालक को बचाने के चक्कर में ऑटो रिक्शा पलट गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत दौडकर ऑटो रिक्शा सीधा कर दिया. जिससे बडी दुर्घटना टल गई. किंतु पांच शालेय छात्र-छात्राएं घायल हो गये. उन्हें निजी वाहनों से तत्काल ग्रामीण अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया. सभी विद्यार्थी संगई विद्यालय और कन्या शाला के होने की जानकारी दी गई.
घायल विद्यार्थियों में सुशांत दरोई, श्रेयश डाबरे, खुशी भुले, सोहम नेटकर, अक्षय करंबे का समावेश है. विद्यार्थियों के चीख-पुकार मचाने से कुछ ही सेकंदों में लोग वहां पहुंचे. तत्काल कुछ लोगों ने एम्बुलेंस के नंबर 108 पर कॉल किया. एम्बुलेंस उपलब्ध न होने से तुरंत दूसरे ऑटो रिक्शा से विद्यार्थियों को अस्पताल भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को अचलपुर उपजिला अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है.





