बडनेरा बायपास पर वडुरा फाटे के निकट हुई सडक दुर्घटना

भीषण सडक हादसे में पति-पत्नी की मौत

* पालागांव निवासी कोठार दंपति के तौर पर हुई पहचान
* 8 दिन पहले वलगांव गए थे वैष्णवी व पूरण कोठार
* गांव वापीस लौटते समय हुए हादसे का शिकार
* सियाराम ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बस ने एक्टिवा को मारी टक्कर
* पाला गांव में पसरा मातम, आरोपी बस चालक गिरफ्तार जांच जारी
अमरावती/दि.15- बडनेरा थाना क्षेत्र के नए बायपास रोड पर गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में पाला गांव निवासी वैष्णवी एवं पूरण कौशल कोठार नामक एक युवा दंपती की दर्दनाक मौत हो गई. सियाराम ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बस द्वारा पीछे से मारी गई टक्कर में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतकों के गांव पाला में शोक की लहर फैल गई है.
इस संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार नांदगांव खंडेश्वर तहसील अंतर्गत पाला गांव निवासी पुरण कौशल कोठार (29) और उनकी पत्नी वैष्णवी पुरण कोठार (27) आठ दिन पहले गांव में रहनेवाले विजय निर्मल की एक्टिवा क्रमांक एमएच-27/सीई-0291 लेकर वैष्णवी के मायके वलगांव गए हुए थे. जहां से वे कल गुरूवार की रात अपने गांव की ओर वापीस लौट रहे थे. रात लगभग 7.45 बजे वे नए बायपास रोड स्थित वडुरा फाटे के पास पहुंचे ही थे कि अमरावती की ओर से तेज गति से आ रही सियाराम ट्रैवल्स बस क्रमांक एमएच-37/डब्ल्यू-8111 ने उनकी एक्टिवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई. दोनों घायलों को उपचार के लिए इर्विन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया.
इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए पाला गांव निवासी विजय निर्मल ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि ट्रैवल्स चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रैवल्स चालक शेख अलीस शेख रहीम (27, दिग्रस, जिला यवतमाल) को हिरासत में ले लिया है तथा बीएनएस की धारा 106 (1) व 281 के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी हैं. पुलिस उपनिरीक्षक सचिन माकोडे मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस ने ट्रैवल्स वाहन को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नए बायपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है. स्थानीय नागरिकों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है.

Back to top button