डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक का रास्ता साफ
हाईकोर्ट के फैसले का विधायक रवि राणा ने किया स्वागत

अमरावती/दि.14– डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक (इर्विन चौक) स्थित प्रतिमा परिसर की भूमि से जुड़े मामले में उच्च न्यायालय के फैसले का विधायक रवि राणा ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उक्त भूमि अमरावती मनपा को हस्तांतरित कर वहां डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
विधायक रवि राणा ने कहा कि भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने इस स्मारक के निर्माण के लिए सांसद निधि से आर्थिक प्रावधान भी किया था, लेकिन मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि गतिरोध समाप्त करने के लिए भूमि स्वामी गट्टाणी से कई बार चर्चा की गई और सहयोग का आग्रह किया गया. साथ ही इस विषय पर तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई से भी लगातार संपर्क कर मामले का अनुसरण किया गया.
रवि राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व राज्यपाल डॉ. कमलताई गवई तथा डॉ. राजेंद्र गवई के सहयोग और सतत प्रयासों से अब स्मारक निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. उन्होंने इसे अमरावती और पूरे आंबेडकरवादी समाज के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों, कार्यों और सामाजिक परिवर्तन के संदेश से जोड़ने के लिए एक आधुनिक, भव्य और प्रेरणादायी स्मारक का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए वे हर स्तर पर सहयोग और लगातार प्रयास करते रहेंगे.





