बिजली गिरने से मृत किसान के परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता

विधायक राजेश वानखड़े ने सौंपा धनादेश

अमरावती/दि.14 – मोर्शी तहसील के नेर पिंगळाई गांव में आकाशीय बिजली गिरने से जान गंवाने वाले किसान के परिवार को राज्य सरकार की ओर से 4 लाख रुपये की तात्कालिक अनुग्रह सहायता प्रदान की गई. विधायक राजेश वानखड़े ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और सहायता राशि का चेक सौंपा.
गौरतलब है कि 28 जून को नेर पिंगलाई के समीप खेत में काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से अशोक जगजीवन भोजने (65) की मृत्यु हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे. घटना के बाद विधायक राजेश वानखड़े ने तत्काल संज्ञान लेते हुए घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई थी तथा प्रशासन को मृतक किसान के परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे. प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीपीडीए प्रणाली के माध्यम से मात्र 12 दिनों के भीतर शासन की ओर से स्वीकृत 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता मृतक की पत्नी रत्ना अशोक भोजने को प्रदान की. विधायक राजेश वानखड़े ने उनके हाथों में सहायता राशि का चेक सौंपते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर तहसीलदार सागर ढवले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामवासी तथा मृतक किसान के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे. विधायक राजेश वानखड़े ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिलना अत्यंत आवश्यक है और शासन इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है.

Back to top button