मार्डी रोड तालाब हादसे को लेकर शिवसेना आक्रामक
दोषी अधिकारियों पर मामला दर्ज करने की मांग

* पुलिस, मनपा, जलसंपदा विभाग समेत जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.18 – मार्डी रोड स्थित तालाब में चार लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में शिवसेना ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों पर सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग की है. इस संबंध में विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, मनपा आयुक्त और जलसंपदा विभाग को विस्तृत निवेदन सौंपा गया.
निवेदन में बताया गया कि 11 मई 2026 को गोडे मेडिकल कॉलेज के पास स्थित तालाब में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में सोनाली नरेंद्र जोशी (16), आदित्य नरेंद्र जोशी (12), पायल बबलू पंडित (21) और गजानन काकणे (13) शामिल हैं. इससे पहले 4 मार्च 2026 को कोंडेश्वर रोड स्थित तालाब में भी दो युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है. शिवसेना नेताओं ने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई असुरक्षित तालाब तथा अवैध उत्खनन से बने गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं, जहां न तो सुरक्षा व्यवस्था है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं. प्रशासन की अनदेखी के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जान जा रही है.
निवेदन में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश तथा संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए कहा गया कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की संवैधानिक जिम्मेदारी है. साथ ही आपत्ती व्यवस्थापन कानून और महाराष्ट्र जलसंपत्ति नियमन प्राधिकरण कानून के तहत धोकादायक जलाशयों पर प्रतिबंधात्मक उपाय करना आवश्यक बताया गया. शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के सभी खतरनाक तालाबों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाए, 15 दिनों के भीतर सुरक्षा फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया जाए. मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की गई है.
इसके अलावा सभी तालाब क्षेत्रों में पुलिस गश्त और उउढत कैमरे लगाने तथा 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई है. शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो नागपुर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर की जाएगी. निवेदन सौंपते समय प्रवीण हरमकर के नेतृत्व में पूर्व विरोधी पक्षनेता व पूर्व उपमहापौर रामा सोलंके, बाला सावरकर, उपशहर प्रमुख नितीन तारेकर, गोविंद दायमा, विभाग प्रमुख मनीषा रामावत, प्रभाग प्रमुख संदीप मानेकर, प्रमोद वानखडे, युगल दवे, शाखा प्रमुख निकेश शर्मा, युवा सेना शाखा प्रमुख रुपेश आलेकर, श्रीकांत शर्मा और युवा सेना सचिव विनोद मंडालकर सहित शिवसेना व युवा सेना के पदाधिकारी उपस्थित थे.





