19 वर्षीय आरोपी को था नाबालिग समझे जाने का भ्रम
पुराने विवाद में 45 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से की थी हत्या

* 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
अमरावती /दि.12- दर्यापुर तहसील के नलवाड़ा गांव में पुराने विवाद को लेकर 45 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतक का नाम दीपक आत्माराम उमरेकर (45) है. इस मामले में खल्लार पुलिस ने सुमित भांडगे (19) को गिरफ्तार किया है. आरोपी को 11 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
जानकारी के मुताबिक दीपक उमरेकर और आरोपी सुमित भांडगे एक ही मोहल्ले में रहते थे. दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर नाराजगी थी. इसी रंजिश के चलते 9 अक्टूबर की रात जब दीपक सो रहे थे, तब पड़ोस में रहने वाले सुमित ने अपने एक नाबालिग साथी की मदद से उन पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में दीपक उमरेकर की मौत हो गई. इस मामले में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित को यह गलतफहमी थी कि 19 वर्ष की उम्र होने के बावजूद कानून की नजर में उसके साथ नाबालिग जैसा व्यवहार किया जाएगा और वह गंभीर अपराध के लिए कड़ी सजा से बच सकता है. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद उसकी यह धारणा गलत साबित हुई. गौरतलब है कि भारतीय कानून के मुताबिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका व्यक्ति सामान्यतः वयस्क माना जाता है. इसलिए 19 वर्षीय आरोपी को केवल नाबालिग समझे जाने के भ्रम के आधार पर किशोर न्याय कानून के तहत संरक्षण नहीं मिल जाता.
* 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
खल्लार के थानेदार अमोल मुडे के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था. अदालत ने उसे 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा हत्या में आरोपी के नाबालिग साथी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.





