शहर के एक विद्यालय के मैदान पर युवक का शव मिलने से हडकंप

पुलिस जांच में जुटी, मृतक था क्षेत्र का चौकीदार

अमरावती/दि.8 – शहर के खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत नया अमरावती रेलवे स्टेशन परिसर के पास स्थित एक विद्यालय के खेल मैदान में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.
सूचना मिलने पर खोलापुरी गेट पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की. पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक का उपनाम राउत बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि वह क्षेत्र में चौकीदार (वॉचमैन) के रूप में कार्य करता था. हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है. प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल अमरावती भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी.

Back to top button