सेवाभावी कार्यों से समाज का ऋण चुकाने का अवसर मिलता है

विधायक संजय खोडके का जनसेवा सप्ताह में भावपूर्ण प्रतिपादन

* जनसेवा सप्ताह में वृक्षारोपण, भोजन वितरण और एसटी स्मार्ट कार्ड शिविर आयोजित
अमरावती/दि.24- समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का भी समाज के प्रति कुछ दायित्व बनता है. सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना के साथ किए जाने वाले सेवाभावी कार्य समाज का ऋण चुकाने का सर्वोत्तम माध्यम हैं. विकास के लिए जहां आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं, वहीं जरूरतमंदों को सहारा देने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाले लोकहितकारी उपक्रम भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं. यह विचार विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने व्यक्त किए.
दिवंगत उपमुख्यमंत्री एवं लोकनेता स्व. अजितदादा पवार की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत अमरावती शहर में विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसी श्रृंखला में गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण, एसटी बस स्मार्ट कार्ड शिविर, भोजन वितरण और विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा संबंधी उपक्रम आयोजित किए गए.
जनसेवा सप्ताह के तहत संत गाडगेबाबा समाधि मंदिर, गाडगे नगर में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सराव परीक्षा (मॉक टेस्ट) आयोजित की गई. इस परीक्षा में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. आयोजकों के अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और अभ्यास का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से यह उपक्रम आयोजित किया गया था. पर्यावरण संरक्षण और हरित अमरावती के संदेश के साथ शेगांव-रहाटगांव प्रभाग के गजानन नगर, ओम कॉलोनी और मेडिकल कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और नागरिकों से पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया.
जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत सोनिया गांधी स्कूल, चिलम छावनी और अंबापेठ क्षेत्र में एसटी बस स्मार्ट कार्ड (एनसीएमसी कार्ड) शिविर आयोजित किए गए. राज्य परिवहन महामंडल द्वारा महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली यात्रा रियायतों का लाभ आसानी से प्राप्त हो सके, इसके लिए कार्ड पंजीकरण और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई. शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन किए. आयोजन समिति के अनुसार नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे उपयोगी बताया.
जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत पीडीएमसी अस्पताल में मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद नागरिकों को भोजन वितरित किया गया. इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया. इसके साथ ही स्व. अजितदादा पवार की जयंती के उपलक्ष्य में मनपा उर्दू माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 8, 2, 9 और 7 में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक चित्र और रंगीन कलाकृतियां प्रस्तुत कीं. बच्चों की रचनात्मकता और कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया.
विधान परिषद सदस्य संजय खोडके तथा शोध प्रतिष्ठान के अध्यक्ष यश खोडके ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर आयोजकों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने जनसेवा सप्ताह के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया. इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे. जनसेवा सप्ताह के तहत आगामी दिनों में भी कई सामाजिक, शैक्षणिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाने वाले हैं.

Back to top button