अमरावती के तुषार रंगारी ने जीती अंतरराष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता

अमरावती /दि.6– अमरावती के युवा छात्र तुषार प्रल्हाद रंगारी ने गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. भारत सरकार के सहयोग से आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता गोवा विद्यापीठ में संपन्न हुई.
तुषार रंगारी, जो वर्तमान में मुंबई विद्यापीठ से संबद्ध नालंदा विधि महाविद्यालय के अंतिम वर्ष के छात्र हैं, का चयन मुंबई विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि के रूप में किया गया था. प्रतियोगिता में उन्होंने अमरावती के सांसद बलवंत वानखडे का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विधेयक के विरोध में प्रभावशाली और तार्किक पक्ष रखा. उनके सशक्त वक्तव्य और संसदीय शैली ने उपस्थित प्रतिभागियों, निर्णायकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया. इस राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया था. सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों तथा पसंदीदा सांसदों का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. तुषार के प्रभावी तर्कों और प्रस्तुति को सदन में विशेष सराहना मिली.
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि केरल व तमिलनाडू के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राहुल नार्वेकर तथा गोवा विधानसभा के सभापति डॉ. गणेश गाओनकर उपस्थित रहे. तुषार की इस उपलब्धि पर नालंदा लॉ कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी, विद्यार्थियों तथा देशभर से प्रतियोगिता में शामिल निर्णायकों और विधि विशेषज्ञों ने उनका अभिनंदन किया. उनकी सफलता से अमरावती जिले में खुशी और गौरव का माहौल है.

Back to top button