अधपके मटन ने छीन लिया परिवार का सहारा!
पति ने दोस्त के सामने किया अपमान, पत्नी की आत्महत्या

यवतमाल/दि.17 – एक तरफ मेहमाननवाजी का माहौल और दूसरी तरफ शक का काला जाल इस विसंगति में एक मासूम गृहिणी की जान चली गई है. केवल ‘मटन ठीक से नहीं पका’ इस छोटे से कारण पर हुए विवाद ने आर्णी तहसील के बोरगांव में एक खुशहाल परिवार को बर्बाद कर दिया. दोस्त के सामने पति द्वारा किए गए अपमान को सहन न कर पाने के कारण पत्नी ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली. चेतना मनोज जाधव (33) ऐसा मृत महिला का नाम है.
* ‘उस’ रात क्या हुआ?
बुधवार की रात चेतना जाधव के लिए आखिरी साबित होगी, ऐसा किसी ने नहीं सोचा था. चेतना के पति मनोज जाधव ने एक दोस्त को खाने के लिए घर बुलाया था. ‘मटन की सब्जी ठीक और अच्छी बनाना,’ ऐसा उसने पत्नी को कहा था. आंगन में खाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन मेहमान के सामने ही मनोज का गुस्सा बढ़ गया. मटन ठीक से नहीं पका इस कारण उसने पत्नी से जोरदार विवाद शुरू कर दिया. यह विवाद केवल खाना बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें मनोज के पुराने शक करने वाले स्वभाव और नशे की भी झलक दिखी.
* सात जन्मों के साथी का दुखद अंत
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज शराब का आदी था. इससे पहले भी 2015 में उस पर घरेलू उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ था. 2017 में ‘फिर से सुखी जीवन बिताएंगे’ इस शर्त पर चेतना ने उसे माफ किया था. लेकिन बुधवार को हुए अपमान का असर चेतना के मन पर इतना गहरा हुआ कि उसने कठोर कदम उठा लिया. भरे हुए थाल से उठकर वह अंदर गई और उसने जहरीली दवा पी ली. बाहर आकर जब उसने पति को यह बात बताई, तो हड़कंप मच गया. उसे तुरंत आर्णी के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
* बच्चे हो गए अनाथ
चेतना और मनोज के परिवार में बेटा लेख और बेटी अन्वी ऐसे दो बच्चे हैं. लेकिन पिता के गुस्सैल स्वभाव के कारण दोनों बच्चे मां के प्यार से वंचित हो गए हैं. जिस पिता को घर की रक्षा करनी थी, उसी के गुस्से ने इन बच्चों के जीवन में हमेशा के लिए अंधेरा ला दिया है.
* पति गिरफ्तार
चेतना के मामा मनोहर राठोड, रा. देवगांव की शिकायत पर पुलिस ने चेतना के पति मनोज जाधव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. चेतना की मौत के बाद आर्णी ग्रामीण अस्पताल में रिश्तेदारों की भीड़ और उनका रोना-धोना दिल दहला देने वाला था. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, और पुलिस उपनिरीक्षक पल्लवी निनगूरकर इस मामले की आगे जांच कर रही हैं.





