स्नातक चुनाव में बैंगनी पेन से ही करें मतदान
गुलाबी बैलेट पेपर पर पसंद के क्रम में लिखने होंगे अंक

* 38 उम्मीदवार मैदान में, बागियों ने मुकाबले को बनाया दिलचस्प
नागपुर /दि.12– विधान परिषद के नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदाताओं को मतदान के दौरान विशेष सावधानी बरतनी होगी. मतदाताओं को गुलाबी बैलेट पेपर पर अपनी पसंद के उम्मीदवारों के नाम के सामने प्राथमिकता क्रम में अंक दर्ज करने होंगे. इसके लिए चुनाव विभाग की ओर से विशेष बैंगनी रंग का पेन उपलब्ध कराया जाएगा.
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक मतदाताओं को बैलेट पेपर पर अपनी पसंद के उम्मीदवार के सामने प्राथमिकता के आधार पर 1, 2, 3 अथवा रोमन अंकों में ख, खख, खखख लिखना होगा. मतदान के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है. मतदाताओं को अपनी पसंद दर्ज करते समय चुनाव विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी पेन का ही इस्तेमाल करना होगा.
* 38 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
नागपुर विभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में कुल 38 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस बार महाविकास आघाड़ी और महायुति के अधिकृत उम्मीदवारों को उनके ही दलों अथवा सहयोगी दलों के बागी उम्मीदवारों से चुनौती मिल रही है. इसके चलते चुनावी मुकाबला रोचक और कांटे का होने की संभावना है.
* छह जिलों में 45 मतदान केंद्र
इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए नागपुर विभाग के छह जिलों में कुल 45 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं. मतदान के दौरान मतदाताओं को बैलेट पेपर पर अपनी पसंद का क्रम सही तरीके से दर्ज करना होगा. चुनाव विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही मताधिकार का इस्तेमाल किया जाए.





