‘अंधारे आईं तो भाजपा ने काम करना शुरू कर दिया’
सुषमा अंधारे पर टिप्पणी को लेकर पराग गुडधे ने अनिल बोंडे को चेताया

* कहा- महिलाओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
अमरावती/दि.28– शिवसेना की नेता सुषमा अंधारे के अमरावती दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. जिला महिला अस्पताल में हुई घटना का जायजा लेने पहुंचीं अंधारे ने अस्पताल का निरीक्षण कर प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे. इसके बाद शिवसेना जिला प्रमुख पराग गुडधे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंधारे के दौरे के बाद ही भाजपा सक्रिय हुई और जल्दबाजी में अस्पताल का निरीक्षण कर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई.
गुडधे ने सांसद डॉ. अनिल बोंडे द्वारा सुषमा अंधारे को लेकर की गई टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि बोंडे को महिलाओं के बारे में बोलते समय सावधानी बरतनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गुडधे ने चेतावनी दी कि इस तरह के बयान जारी रहे तो शिवसेना उचित समय पर करारा जवाब देगी.
* ‘अंधारे आईं, अस्पताल का जायजा लिया’
पराग गुडधे ने कहा कि जिला महिला अस्पताल में मासूम बच्चों की मौत की घटना के बाद भी पालकमंत्री और मुख्यमंत्री अमरावती आकर अस्पताल का निरीक्षण नहीं कर सके. इसके विपरीत सुषमा अंधारे अमरावती पहुंचीं, अस्पताल का जायजा लिया और प्रशासन की कमियों को जनता के सामने रखा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फायर सेफ्टी से संबंधित आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त निधि उपलब्ध कराने में विफल रही. गुडधे के मुताबिक, करीब 9 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों की मौत के बाद भी सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है.
* दहीहांडी को लेकर भी भाजपा पर निशाना
गुडधे ने दहीहांडी आयोजन को लेकर भी भाजपा और विधायक रवि राणा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि रवि राणा की दहीहांडी के सामने कार्यक्रम के फ्लॉप होने के डर से दहीहांडी का कार्यक्रम रद्द किया गया. उन्होंने कहा कि सत्ता और प्रशासन जब आपके हाथ में हो और ऐसी घटनाएं सामने आएं, तब जनता अच्छी तरह समझती है कि राजनीति कौन कर रहा है. उन्होंने डॉ. बोंडे पर तंज कसते हुए कहा कि कोविड काल में उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते मंदिर खोलने के लिए आंदोलन करने वाले अब दूसरों को राजनीति का पाठ पढ़ा रहे हैं.
* ‘सुषमा अंधारे की आवाज दबाने की कोशिश न हो’
पराग गुडधे ने सुषमा अंधारे को फायरब्रांड नेता बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को दबाने की कोई कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने दोहराया कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ दिए जाने वाले बयान शिवसेना बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने सांसद डॉ. अनिल बोंडे को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणी करने पर शिवसेना उचित समय पर जवाब देगी.





