एक ही दिन में 27 हजार विद्यार्थियों को विद्युत सुरक्षा और ऊर्जा बचत का पाठ
महावितरण के अमरावती परिमंडल में जनजागृति अभियान

* 176 स्कूल-कॉलेजों में 173 अभियंताओं ने किया मार्गदर्शन
अमरावती/दि.21- गणेशोत्सव को महाराष्ट्र में ‘राज्य महोत्सव’ के रूप में उत्साहपूर्वक मनाए जाने के बीच महावितरण के अमरावती परिमंडल की ओर से विद्युत सुरक्षा और ऊर्जा बचत को लेकर व्यापक जनजागृति अभियान चलाया गया. राष्ट्रीय अभियंता दिवस के अवसर पर 15 सितंबर को एक ही दिन अमरावती व यवतमाल जिलों के 176 स्कूलों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर 27 हजार 636 विद्यार्थियों को विद्युत सुरक्षा और ऊर्जा बचत के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया.
महाराष्ट्र शासन के निर्देशानुसार गणेशोत्सव को राज्य महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है. इसी के तहत महावितरण ने ‘हरित ऊर्जा और विद्युत सुरक्षा के माध्यम से ऊर्जा स्वतंत्रता की ओर बढ़ते कदम’ संकल्पना पर आधारित यह अभियान चलाया. महावितरण के मुख्य कार्यालय के निर्देश तथा मुख्य अभियंता दिलीप दोडके के मार्गदर्शन में अमरावती जिले के 87 तथा यवतमाल जिले के 89, कुल 176 स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया गया.
* लापरवाही से होने वाले विद्युत हादसों से किया सतर्क
अभियान के दौरान महावितरण के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विद्युत दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, हर वर्ष होने वाले हादसों तथा दुर्घटनाओं के कारण प्रभावित परिवारों पर आने वाले आर्थिक और सामाजिक संकट की जानकारी दी. अधिकारियों ने गीले हाथों से विद्युत उपकरणों को छूने, चालू कूलर में पानी डालने, टूटे हुए बिजली के तारों को छूने, आकड़े डालकर अनधिकृत बिजली इस्तेमाल करने तथा कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभों से तार बांधने जैसी लापरवाहियों से होने वाले हादसों के उदाहरण देकर विद्यार्थियों को सावधानी बरतने की जानकारी दी. साथ ही विद्यार्थियों से यह जानकारी अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई.
* सौर ऊर्जा और स्मार्ट योजनाओं की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई. इसमें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, महावितरण की विभिन्न स्मार्ट योजनाएं, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति, ‘गो ग्रीन’ योजना, मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना तथा सौर कृषि पंप योजना के बारे में बताया गया. इन योजनाओं के माध्यम से हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई.
* 173 अभियंताओं की प्रत्यक्ष भागीदारी
इस व्यापक जनजागृति अभियान में शाखा अभियंता से लेकर कार्यकारी अभियंता तक कुल 173 अभियंताओं ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की. महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने स्वयं कार्यकारी अभियंता बिपीन श्रीराव के साथ अमरावती के मार्डी रोड स्थित नेशनल एसोसिएशन वेलफेयर फॉर फिजिकली हैंडीकैप संस्था में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और विद्युत सुरक्षा व ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता अभियान में योगदान दिया.





