गैस गोदाम के बाहर रखे 32 भरे सिलेंडर चोरी
एमआईडीसी परिसर स्थित रुपा भारत गैस एजेंसी की घटना

* राजापेठ पुलिस ने किया अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज
अमरावती/दि.12- राजापेठ थाना क्षेत्र अंतर्गत एमआईडीसी परिसर में स्थित रुपा भारत गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर रखे 32 भरे हुए सिलेंडर चोरी होने की घटना सामने आई है. चोरी हुए सिलेंडर की कुल कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है. घटना के बाद गैस एजेंसी संचालक की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
शिकायतकर्ता सत्यनारायण कानबाले गैस एजेंसी में गोदाम की देखरेख का काम करते है. उनके जिम्मे गैस सिलेंडरों का स्टॉक बनाए रखना तथा डिलेवरी कर्मचारियों को कितने भरे हुए सिलेंडर दिए गए और उनके द्वारा कितने सिलेंडर वापस गोदाम में जमा किए गए इसका हिसाब रखना था. शिकायत के अनुसार गैस एजेंसी का गोदाम कांग्रेस नगर, एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित है. गोदाम के चारों ओर दीवार और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था है. घटना वाले दिन गैस सिलेंडर का ट्रक देर से पहुंचा था. ट्रक के देर से आने के कारण गोदाम कर्मचारियों ने कुल 175 भरे हुए भारत गैस सिलेंडर गोदाम के अंदर रखने की बजाए बाहर ही रख दिए. उसके बाद परिसर के गेट को लॉक कर अपने घर चले गए.
अगले दिन सुबह करीब 6 बजे कर्मचारी दुबारा गोदाम में पहुंचा, बाहर रखे गैस सिलेंडर की गिनती की, तो पाया कि, 143 सिलेंडर ही है. गिनती में 32 भरे हुए सिलेंडर कम है. उसके बाद कर्मचारी ने तुरंत गैस एजेंसी के मालिक को इसकी जानकारी दी. रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने गैस एजेंसी के परिसर में प्रवेश कर बाहर रखे भरे हुए 32 सिलेंडर चोरी कर लिए. घटना की जानकारी मिलने के बाद राजापेठ पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही रात के समय परिसर के संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. गैस सिलेंडर ले जाने के लिए किसी वाहन का इस्तेमाल किया गया था या नहीं इस दिशा में भी जांच की जा रही है.





