अंबादेवी परिसर विकास का 355 करोड का प्लान

आर्किटेक भिवगडे और इंजिनीयर पागृत के साथ पहली बैठक हुई

* पालकमंत्री के सामने डेमो 7 मार्च को
* विशाल पार्किंग और भव्य कॉरिडोर निर्माण की योजना
अमरावती/दि.4 – विदर्भ की कुलस्वामिनी अंबादेवी और एकवीरा देवी परिसर के विकास का 355 करोड का प्लान शासन के निर्देश पर एमएसएसआईडीसी ने तैयार किया है. आज जिलाधिकारी कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक में उक्त शासकीय कंपनी के आर्किटेक भिवगडे और इंजिनीयर पागृत व सहयोगियों ने दोनों संस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों के सामने डेमो देकर विस्तार से जानकारी दी. इस समय जिलाधीश आशीष येरेकर, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक उपस्थित थी. इसी प्लान का आगामी डेमो अगले शनिवार 7 मार्च को पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के सामने दिया जाएगा. जिसके बाद परिसर विकास का यह भव्य प्लानिंग मंजूर होगा एवं प्रत्यक्ष कार्यारंभ होने की संभावना है.
आज की बैठक में अंबादेवी संस्थान से डॉ. जयंत पांढरीकर, सुरेंद्र बुरंगे, एकवीरा देवी संस्थान से अध्यक्ष डॉ. अनिल खरैया, उपाध्यक्ष शैलेश वानखडे, सचिव चंद्रशेखर कुलकर्णी आदि मौजूद थे. मनपा के शहर अभियंता पवार, कुलकर्णी व अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहने की जानकारी देते हुए अधिकृत सूत्रों ने बताया कि, शासन के निर्देश पर महाराष्ट्र राज्य रास्ते व विकास महामंडल एमएसएसआईडीसी ने अंबादेवी परिसर का भव्य विकास प्रारुप तैयार किया है. जिसमें मंदिर को भव्य बनाने के साथ परिसर में भक्त निवास और पार्किंग व अन्य सुविधाएं देने पर बल दिया गया है.
* देवी के सामने विशाल दर्शन लॉबी
राज्य की महायुति सरकार ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्र के धर्म क्षेत्रों को विकसित करने का निर्णय किया है. इसी कडी में विदर्भ की कुलस्वामिनी एकवीरा-अंबादेवी परिसर के भव्य डेवलपमेंट का प्लान राज्य विकास महामंडल ने तैयार किया. जिसके अनुसार आज की बैठक में महामंडल के इंजिनीयर पागृत ने प्रस्तुतीकरण दिया. जिसके अनुसार अंबादेवी के ठीक सामने दर्शन हेतु विशाल लॉबी के निर्माण का प्लान है. उसी प्रकार नाले पर संपूर्ण स्लैब रहेगा. उस पर भी कुछ सुख-सुविधाओं की प्लानिंग है. नाले से सटे हनुमान मंदिर के करीब जिला परिषद शाला की करीब एक एकड जमीन भी प्रस्तावित परिसर विकास प्लान में ली गई है.
* जिप से ली जाएगी जगह
पूर्व शाला की करीब एक एकड भूमि अंबादेवी संस्थान द्वारा अधिकग्रहित कर वहां डेवलपमेंट किया जाएगा. हालांकि वहां कुछ अतिक्रमण भी हो रखा है. उसे भी हटाया जाएगा. मंदिर के सुशोभिकरण, विकास प्लान में मल्टीलेवल पार्किंग, तीन मंजिला नया भव्य भक्त निवास और बालाजी, भैरव मंदिर तक विकास प्लान शामिल है. इसके लिए जरुरी होने पर नमूना में भी बेकार पडी जमीन और अतिक्रमण की दुकानें हटाकर वह भूमि भी संस्थान के ताबे में देकर विकास करने की योजना है.
* एकवीरा का भक्त निवास और भव्य होगा
आज की बैठक में हुई चर्चा के अनुसार एकवीरा देवी मंदिर संस्थान के मौजूदा भक्त निवास को भी विस्तार देने की प्लानिंग है. अत: यहां भी भक्त निवास और देवी के दर्शनार्थियों के लिए सुविधाएं बनाई जाएगी.
* बालाजी मंदिर तक विस्तार
अंबादेवी परिसर के बालाजी मंदिर और उससे सटे भैरव मंदिर के आगे तक संपूर्ण परिसर विकास का प्लानिंग होने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. यह भी बताया कि, बालाजी मंदिर संस्थान पर अभी धर्मदाय आयुक्त की देखरेख में कामकाज चल रहा है. वहां मंदिर के आसपास काफी अतिक्रमण भी हो रखा है. यह सभी अतिक्रमण साफ किया जाएगा. उसके बाद नया डेवलपमेंट प्लान साकार होगा.
* गांधी चौक में मल्टी लेवल पार्किंग
गांधी चौक में जहां आज वाहनतल मौजूद है. उस जगह पर मल्टी ेलेवल पार्किंग का प्रावधान विकास प्रारुप में रहने की जानकारी आज की मीटींग में दी गई. बताया गया कि, नमूना की ओर भी पार्किंग का प्लानिंग है. आज की बैठक में भूमि अभिलेख सहित कुछ अन्य विभागों के भी अधिकारी मौजूद थे. अब अगली बैठक आगामी शनिवार 7 मार्च को होने की संभावना है. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को उस दिन अंबादेवी परिसर डेवलपमेंट प्लान का प्रेझेंटेशन दिया जाएगा, इस प्रकार की जानकारी आज की बैठक में शामिल पदाधिकारियों ने अमरावती मंडल को दी.

Back to top button