अमरावती में डॉ. पंजाबराव देशमुख के नाम पर बनेगा शैक्षणिक संकुल

विधायक सुलभा खोडके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र, बजट में घोषणा की मांग

मुंबई/अमरावती/ दि. 4 – अमरावती शहर में शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने के लिए नया शैक्षणिक संकुल स्थापित करने की मांग तेज हो गई है. अमरावती की विधायक सुलभा संजय खोडके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अमरावती में डॉ. पंजाबराव देशमुख के नाम पर सुसज्जित शैक्षणिक संकुल निर्माण की मांग की है. साथ ही 6 मार्च को प्रस्तुत होने वाले वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में इसकी घोषणा करने का अनुरोध भी किया है.
विधायक सुलभा खोडके ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अमरावती विदर्भ का महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र एवं विभागीय मुख्यालय है. वर्तमान में शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालय शहर के अलग-अलग हिस्सों में संचालित हो रहे हैं, जिनमें विभागीय शिक्षण उपसंचालक कार्यालय, राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था, वेतन व भविष्य निधि पथक (प्राथमिक/माध्यमिक), लेखाधिकारी, शिक्षणाधिकारी (प्राथमिक/माध्यमिक/योजना) सहित अन्य कार्यालय शामिल हैं. कार्यालयों के अलग-अलग स्थानों पर होने से समन्वय में कठिनाई आती है तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बार-बार विभिन्न स्थानों पर जाना पड़ता है. कई इमारतें पुरानी होने के कारण मरम्मत की आवश्यकता पड़ती है और आधुनिक सुविधाओं का अभाव भी है.
* एक ही परिसर में सभी कार्यालय लाने की पहल
विधायक सुलभा खोडके ने सुझाव दिया है कि वर्तमान विभागीय शिक्षण उपसंचालक कार्यालय परिसर में नई सुसज्जित प्रशासकीय इमारत का निर्माण कर सभी कार्यालयों को एक ही परिसर में स्थानांतरित किया जाए. इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, आपसी समन्वय बेहतर होगा तथा समय और श्रम की बचत होगी. उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एक ही भवन में बैठक कक्ष एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से विभागीय बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा.
* डॉ. पंजाबराव देशमुख के नाम पर हो नामकरण
विधायक सुलभा खोडके ने शिक्षा क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले डॉ. पंजाबराव देशमुख के सम्मान में प्रस्तावित संकुल का नाम डॉ. पंजाबराव देशमुख शैक्षणिक संकुल रखने की भी मांग की है. राज्य विधिमंडल का बजट सत्र मुंबई स्थित विधान भवन में जारी है और 6 मार्च को राज्य का बजट पेश किया जाएगा. विधायक सुलभा खोडके ने मुख्यमंत्री से अपने बजट भाषण में इस शैक्षणिक संकुल की घोषणा करने की अपील की है.

Back to top button