हत्यारोपी आनंद भड को 8 तक पीसीआर
आज दोपहर हुई अदालत में पेशी

* पुछताछ हेतु पुलिस कस्टडी रिमांड में रवाना
अमरावती/दि.4 – गतरोज स्थानीय रविनगर परिसर से गुजर रही 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा पर चाकू से सपासप वार कर उसे मौत के घाट उतार देने के मामले में नामजद व गिरफ्तार आनंद भड नामक आरोपी को राजापेठ पुलिस ने आज दोपहर बाद स्थानीय अदालत में पेश किया और आरोपी को पुछताछ हेतु पुलिस कस्टडी रिमांड में दिए जाने की मांग की. इस समय अभियोजन पक्ष के युक्तीवाद को ग्राह्य मानते हुए अदालत ने आनंद भड को 8 सितंबर तक पुलिस कस्टडी रिमांड में रखे जाने का आदेश जारी किया.
बता दे कि, स्थानीय रविनगर परिसर स्थित नाले के पुल पर गतरोज 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद मामले की जांच पडताल करते हुए राजापेठ पुलिस एवं अपराध शाखा के दल ने अगले 10 घंटे के भीतर आनंद भड नामक आरोपी को गोंदिया से धरदबोचा. आनंद भड मुलतः मुर्तिजापुर का निवासी है. जो विगत कुछ समय से अमरावती में रह रहा था. इसी दौरान उसकी पीडिता के साथ जान पहचान व दोस्ती हुई थी और एक माह पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर बेबनाव हुआ. जिसके चलते पीडिता ने आनंद भड के साथ अपना वास्ता खत्म कर लिया था. संभवतः इसी बात से तैश में आकर आनंद भड ने यह खतरनाक कदम उठाया था. राजापेठ पुलिस मामले की जांच कर रही है.





