कर्जमाफी के आश्वासन को लेकर बच्चू कडू का वन विभाग कार्यालय पर घेराव आज
मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा का चौथा दिन

अमरावती/ दि. 4 – अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में विधायक बच्चू कडू द्वारा निकाली जा रही ‘कर्जमुक्तीची आठवण व मेळघाट संघर्ष महापदयात्रा’ का आज चौथा दिन है. आज जारीदा स्थित वन विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा. सरकार द्वारा घोषित कर्जमाफी के आश्वासन की याद दिलाने और मेलघाट के लंबित मुद्दों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह पदयात्रा निकाली गई है. करीब 250 किलोमीटर की इस पदयात्रा की शुरुआत सेमाडोह से हुई.
यात्रा के दौरान बच्चू कडू विभिन्न आदिवासी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं. उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, बिजली, सड़क और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव अब भी क्षेत्र में बना हुआ है.
* वन विभाग की मंजूरी पर अटके विकास कार्य
बच्चू कडू ने आरोप लगाया कि अधिकांश विकास कार्य वन विभाग की अनुमति के कारण अटके हुए हैं. सड़क निर्माण, पेयजल पाइपलाइन, मोबाइल टावर स्थापना जैसे कार्य लंबित हैं, जिससे व्याघ्र परियोजना क्षेत्र के गांवों में रहने वाले आदिवासी नागरिक मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं. गौरतलब है कि मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी. इसके बाद से वन क्षेत्र के नियमों के कारण स्थानीय निवासियों को कई प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है.
* आज बैठक भी प्रस्तावित
4 मार्च की शाम जारीदा स्थित वन विभाग कार्यालय में वन विभाग, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है. हालांकि बच्चू कडू ने स्पष्ट किया है कि यदि ठोस निर्णय नहीं हुआ तो घेराव रातभर और अगले दिन तक जारी रहेगा.
* क्यों हो रहा है जारीदा वन विभाग कार्यालय का घेराव?
– रंगूबेली और आसपास के 5 गांवों की पेयजल योजना मंजूर होने के बावजूद वन विभाग की अनुमति के अभाव में लंबित.
– रानीगांव में जल जीवन मिशन के तहत 3 करोड़ रुपये की योजना 90% पूरी, शेष 10% कार्य अनुमति न मिलने से अटका.
– बोराट्याखेडा व रेहट्याखेडा में पानी की टंकियां तैयार, पर 200 मीटर पाइपलाइन की मंजूरी नहीं.
– डोमी गांव तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं, प्रस्ताव वनविभाग से अटका.
– चिलाटी, सुमिता व कुटीदा गांवों में बिजली के खंभों की अनुमति नहीं मिल रही.
– किसानों को खेत में कुआं खोदने की भी अनुमति नहीं मिल रही.
– एकताई में पीएचसी भवन को मंजूरी के बावजूद निर्माण अनुमति लंबित.
– राहू क्षेत्र में वन विभाग विश्रामगृह में पानी की व्यवस्था भी पदयात्रा के बाद की गई.
– इन मुद्दों को लेकर आज का घेराव और प्रशासनिक बैठक मेलघाट सहित पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.





