कर्ज और फसल बर्बादी से परेशान 38 वर्षीय किसान ने की आत्महत्या

मोर्शी के कोलविहिर में 18 एकड़ खेत में जहरीला पदार्थ खाया

सोयाबीन, कपास और अरहर की फसल को नुकसान
अमरावती/दि.1 – मोर्शी तहसील के कोलविहिर में कर्ज और फसल खराब होने से परेशान 38 वर्षीय युवा किसान ने अपने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान एकनाथ गोवर्धन गटफणे के रूप में हुई है. घटना 29 सितंबर की बताई गई है.
एकनाथ के पास 18 एकड़ पुश्तैनी जमीन थी. खरीफ सीजन में सोयाबीन, कपास और अरहर की फसल लेने के लिए उन्होंने बैंक के साथ-साथ निजी कर्ज भी लिया था. लेकिन बारिश की कमी के कारण सोयाबीन की फसल खराब हो गई और उसमें फलियां नहीं आईं. स्थिति इतनी खराब हुई कि खेत में रोटावेटर चलाकर सोयाबीन की फसल को नष्ट करना पड़ा. कपास में भी पर्याप्त कलियां नहीं आईं, जबकि अरहर की फसल को भी नुकसान हुआ. फसल से अपेक्षित आमदनी नहीं होने के कारण एकनाथ कर्ज और खेत का किराया कैसे चुकाया जाए, इसे लेकर परेशान थे. आखिरकार उन्होंने कोलविहिर शिवार स्थित अपने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिरखेड़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. शव को चांदूर बाजार ग्रामीण अस्पताल भेजा गया. 30 सितंबर की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. एकनाथ अपने वृद्ध माता-पिता के इकलौते बेटे थे. दो वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था. उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक छोटा बेटा है. शिरखेड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button