‘बर्निंग बस’ में बाल-बाल बचे 40 यात्री

वाशिम-पुसद मार्ग पर एसटी बस धधकी

पुसद /दि.16- समीपस्थ वाशिम मार्ग पर पुसद की ओर आ रही एसटी बस में अचानक ही आग लग गई. इस समय चालक व वाहक की समयसूचकता के चलते बस में सवार करीब 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और सभी की जान बाल-बाल बच गई. इस घटना के चलते अच्छा खासा हडकंप मचा रहा. साथ ही वाशिम पुसद मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक वाशिम आगार की रापनि बस क्रमांक एमएच-14/बीटी-4558 मंगलवार 14 जुलाई की शाम पुसद के लिए रवाना हुई थी और यात्रा के दौरान शाम 7.30 बजे के आसपास चलती बस में स्टेरिंग के पास से अचानक ही धुआं उठना शुरू हो गया. इस बात की ओर ध्यान जाते ही बस के चालक ने बिना समय गंवाए बस को सडक किनारे रोक दिया. वहीं बस के वाहक ने बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा. इसी दौरान कुछ ही क्षणों में बस के अगले हिस्से में जबर्दस्त आग लग गई तथा आग की काफी बडी लपटें उठने लगी.
इस घटना की जानकारी मिलते ही रापनि के अधिकारी तथा अग्निशमन दल के दमकल कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. जिसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. इस दुर्घटना में बस का बडे पैमाने पर नुकसान हुआ. बस में आग लगने की निश्चित वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पायी है. लेकिन अनुमान है कि संभवत: यह आग बस की वायरिंग में हुई शार्ट सर्किट की वजह से लगी थी.

Back to top button