राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज का 58वां पुण्यतिथि महोत्सव 24 अक्टूबर से
गुरुकुंज आश्रम में 31 अक्टूबर तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन

* 30 अक्टूबर को मौन श्रद्धांजलि और सर्वधर्म प्रार्थना
तिवसा /दि.14- राष्ट्रसंत श्री तुकड़ोजी महाराज का 58वां पुण्यतिथि महोत्सव 24 से 31 अक्टूबर तक श्रीक्षेत्र गुरुकुंज आश्रम में आयोजित किया जाएगा. अखिल भारतीय श्री गुरुदेव सेवा मंडल की ओर से आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला होगी. महोत्सव के दौरान 30 अक्टूबर को राष्ट्रसंत को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके साथ ही सर्वधर्म प्रार्थना, महाआरती और राष्ट्रवंदन जैसे कार्यक्रम भी होंगे.
24 अक्टूबर को सुबह 4 बजे महासमाधि की यात्रा और पूजा के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी. सामुदायिक ध्यान के बाद ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके पश्चात राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज की तस्वीर की शोभायात्रा गुरुकुंज आश्रम और गुरुदेवनगर में निकाली जाएगी. 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक श्री गुरुदेव आयुर्वेद महाविद्यालय की ओर से अंतरमहाविद्यालयीन भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. 26 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक महिला सम्मेलन होगा. इस अवसर पर राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज के साहित्य पर आचार्य की उपाधि प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा.
* दो दिन वारकरी कीर्तन सम्मेलन
27 और 28 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक श्री गुरुदेव वारकरी कीर्तन सम्मेलन आयोजित होगा. इसके बाद 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कीर्तन सम्मेलन होगा. समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्य अतिथि प्रकाश वाघ करेंगे.
* 30 अक्टूबर को मौन श्रद्धांजलि और सर्वधर्म प्रार्थना
महोत्सव के प्रमुख दिन 30 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्री गुरुदेव सेवा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक, सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. दोपहर 2 से 3 बजे तक समर्थ अड़कोजी महाराज संस्थान, वरखेड, जन्मभूमि यावली और तपोभूमि गोंदोडा से आने वाली पालकियों का अखिल भारतीय श्री गुरुदेव सेवा मंडल की ओर से स्वागत एवं पूजन किया जाएगा. दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक राष्ट्रसंत श्री तुकड़ोजी महाराज को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इस दौरान सर्वधर्म प्रार्थना, महाआरती, राष्ट्रवंदन और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन होगा.
* 31 अक्टूबर को पालकियों और दिंडियों का आयोजन
महोत्सव के अंतिम दिन 31 अक्टूबर को सुबह 6.40 बजे से 10 बजे तक विभिन्न गांवों से आने वाली पालकियों और दिंडियों को महासमाधि, मोजरी, गुरुदेवनगर और रामकृष्णहरि मंदिर मार्ग से ले जाया जाएगा. इसके अलावा व्यायाम बैठक और खंजरी भजन सहित अन्य कार्यक्रम भी होंगे. इन आयोजनों के साथ राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज का 58वां पुण्यतिथि महोत्सव संपन्न होगा.





