हनी ट्रैप में फंसा 64 वर्षीय किसान

रेप केस की धमकी देकर चार साल में ऐंठे 70 लाख रुपए

* नांदगांव पेठ पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.13 – अमरावती जिले के नांदगांव पेठ क्षेत्र में एक चौंकाने वाला हनी ट्रैप मामला सामने आया है. एक महिला और उसके पति पर आरोप है कि उन्होंने 64 वर्षीय किसान को प्रेमजाल में फंसाकर रेप केस में फंसाने की धमकी दी और चार वर्षों में उससे करीब 70 लाख रुपये वसूल लिए. लगातार मानसिक प्रताड़ना और बदनामी के डर से परेशान किसान ने आखिरकार पुलिस की शरण ली.
जानकारी के मुताबिक आरोपी दंपती की मोबाइल रिचार्ज और मोबाइल शॉप थी. किसान अक्सर उनकी दुकान पर जाता था, जिससे दोनों परिवारों में पहचान बढ़ी. शुरुआत में महिला के पति ने किसान से 10 हजार रुपये उधार लिए और समय पर लौटा दिए. इसके बाद महिला ने भी किसान से पैसे मांगने शुरू किए. धीरे-धीरे महिला ने किसान से नजदीकियां बढ़ाईं और उसे भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा लिया. बताया जा रहा है कि मार्च 2020 के दौरान महिला और किसान के बीच संबंध बने. कुछ समय बाद किसान ने यह रिश्ता खत्म करने की कोशिश की, लेकिन तभी महिला और उसके पति ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोपी पति ने किसान को फोन कर कहा कि उसके पास महिला और किसान की बातचीत, चैटिंग, कॉल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और निजी तस्वीरों के सबूत हैं. उसने धमकी दी कि वह यह सब किसान की पत्नी और रिश्तेदारों को दिखाकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म कर देगा और रेप केस में फंसा देगा. डर और बदनामी के भय से किसान आरोपियों की मांग के अनुसार पैसे देता रहा. नवंबर 2020 से नवंबर 2024 के बीच आरोपी दंपती ने किसान से कई बार अलग-अलग रकम वसूली. कभी 1 लाख, 2 लाख रुपये के चेक लिए गए तो एक बार सीधे 10 लाख रुपये का चेक लिया गया. महिला ने भी अलग-अलग समय पर 50 हजार, 1 लाख और 2 लाख रुपये के चेक लिए. इसके अलावा करीब 25 लाख रुपये नकद भी वसूले गए. लगातार ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण से परेशान किसान मानसिक तनाव में आ गया था. वह बदनामी के डर से किसी को कुछ बता नहीं पा रहा था. आखिरकार एक परिचित की सलाह पर उसने हिम्मत जुटाई और नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. मामले की जांच कर रहे नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन के थानेदार दिनेश दहातोंडे ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

Back to top button