8,200 जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल

अमरावती में 135 मेधावी छात्र होंगे लाभान्वित

अमरावती/दि.27– राष्ट्रसंत परम गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज साहेब की प्रेरणा से अर्हम युवा सेवा ग्रुप द्वारा रविवार, 28 जून को पैडल टू प्रोग्रेस थीम के तहत देशव्यापी साइकिल वितरण अभियान आयोजित किया जाएगा. इस अभियान के अंतर्गत देशभर के 8,200 जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए साइकिल भेंट की जाएगी. यह सेवा अभियान सर्वमंगल फैमिली ट्रस्ट के श्री मनुभाई शाह एवं श्रीमती रिकाबेन शाह (अमेरिका) के सहयोग से श्री मनुभाई शाह के 82वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है.
अमरावती में यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे धर्मदाय कॉटन फंड परिसर में होगा. यहां शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के 135 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जाएगी. कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों की साइकिल रैली धर्मदाय कॉटन फंड, इरविन चौक और जयस्तंभ चौक होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल तक निकाली जाएगी. आयोजकों के अनुसार, ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ता है. परिवहन सुविधा के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस सेवा अभियान की शुरुआत की गई है, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल सके. देशव्यापी अभियान के तहत गुजरात, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के राजकोट, अहमदाबाद, भावनगर, कच्छ, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, वसई, कल्याण और अमरावती सहित कई शहरों में साइकिलों का वितरण किया जाएगा. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण परमधाम साधना संकुल, पडघा से किया जाएगा, जहां वर्तमान में परम गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज साहेब विराजमान हैं.
इस अवसर पर सोहम सेवा ग्रुप द्वारा ग्रामीण उत्थान परियोजना के अंतर्गत 22 विद्यालयों में निर्मित कक्षाओं, वाटर प्लांट तथा अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं अनुमोदन किया जाएगा. कार्यक्रम में 1,500 से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक एवं प्राचार्य शामिल होकर परम गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे. आयोजकों का कहना है कि यह सेवा अभियान हजारों विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा, आत्मविश्वास और प्रगति की नई राह खोलेगा तथा समाज में शिक्षा और मानवता के संदेश को मजबूत करेगा.

Back to top button