सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एमएसएमई कर्ज शिविर में उद्यमियों को 90 करोड़ का कर्ज
उद्योगों को वित्तीय मजबूती देने के साथ रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा

अमरावती/दि.8- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देने और उद्यमियों को आसान एवं तत्काल कर्ज सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से शुक्रवार, 7 अगस्त को अमरावती के एमआईडीसी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन हॉल में देशव्यापी एमएसएमई कर्ज वितरण शिविर आयोजित किया गया. शिविर को उद्यमियों का अच्छा प्रतिसाद मिला. इस दौरान करीब 90 करोड़ रुपये के कर्ज को मंजूरी एवं वितरण किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक निलेश निकम ने की. प्रमुख अतिथि के रूप में आशीष सावजी उपस्थित रहे. इस अवसर पर अग्रणी बैंक के प्रबंधक नरेश हेडाऊ, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक प्रदीप जाधव, राजकुमार तरते, निखिल रंजन सहित बैंक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित थे.
* उद्योगों के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी
एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न उद्योगों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं, बैंक की विभिन्न योजनाओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की एमएसएमई से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई. शिविर के दौरान एमएसएमई उद्यमियों को कुल 90 करोड़ रुपये के कर्ज की मंजूरी प्रदान की गई. इससे स्थानीय उद्योगों को विस्तार देने, नए उद्योग शुरू करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है. साथ ही क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है.
* कर्ज प्रक्रिया को लेकर किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम का प्रस्तावना वक्तव्य राजकुमार तरते ने किया. नीलेश वाघमारे ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न कर्ज योजनाओं तथा एमएसएमई उद्यमियों के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का प्रस्तुतीकरण किया. इस दौरान उपस्थित उद्यमियों को कर्ज प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया. कार्यक्रम का संचालन शिवानी ठोकरे ने किया, जबकि डॉ. नवनीत इंगले ने आभार व्यक्त किया.





