भाजपा अध्यक्ष डॉ. धांडे के प्रभाग के नगरसेवक हैं नए महापौर तेजवानी
दोनों को ही बधाई का लगा तांता

* जवाहर स्टेडियम प्रभाग 7 में दो सीटों पर खिला था ‘कमल’
अमरावती /दि.2- अपेक्षा के अनुरुप भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार की तरह अपने तीनों सहयोगी दलों राष्ट्रवादी अजीत पवार, शिवसेना शिंदे और युवा स्वाभिमान को साथ लेकर अमरावती महापालिका में सत्ता स्थापना का आज महापौर नामांकन के साथ दावा पेश कर दिया. उससे पहले हुए तेज घटनाक्रम में बीजेपी के नवनिर्वाचित नगरसेवकों की बैठक से लेकर नए महापौर और उपमहापौर के नाम तय करने का काम चला. नए महापौर श्रीचंद तेजवानी देखा जाए तो भाजपा शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे के प्रभाग 7 जवाहर स्टेडियम से चुने गए हैं. जिससे एक बात स्पष्ट हो गई कि, बीजेपी शहर जिलाध्यक्ष अपने प्रभाग के नगरसेवक को महापौर बनाने में सफल रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि, बीजेपी का साथी दलों के संग महापालिका सत्ता फॉर्मूला तय हो जाने संबंधी सटीक समाचार ‘अमरावती मंडल’ ने दो रोज पहले ही दे दिया था. अब सत्ता स्थापित होने जा रही है. प्रथम नागरिक बनने जा रहे श्रीचंद तेजवानी जवाहर स्टेडियम प्रभाग 7 से भाजपा टिकट पर लगातार दूसरी बार विजयी रहे. इस प्रभाग से बीजेपी की सोनाली सचिन नाईक ने आरक्षित सीट से पुन: जीत हासिल की. तथापि अन्य दो स्थान दो दलों को मिले.
जवाहर स्टेडियम प्रभाग 7 विस्तृत है. कैम्प रोड का बडा क्षेत्र इस प्रभाग में समाहित है. बीजेपी अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे कैम्प रोड पर निवास करते हैं. उनका बंगला बर्थ-डे हॉल के बिल्कुल बगल में है. प्रभाग में बीजेपी की अधिक सीटों को विजयी करने का दारोमदार उन पर था. बीजेपी दो स्थानों पर विजयी रही. ऐसे में श्रीचंद तेजवानी को मेयर बनवाने के लिए पिछले सप्ताह पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के अमरावती आने पर सभी 7 सिंधी पंचायतों ने अनुरोध किया था. पार्टी ने भी सिंधी समाज की आशा-अपेक्षा को पूर्ण करते हुए श्रीचंद तेजवानी को पहला चान्स दिया है. निश्चित ही शहर जिलाध्यक्ष डॉ. धांडे का इसमें योगदान है.
बता दें कि, श्रीचंद तेजवानी पेशे से व्यापारी है. अमरावती का मेयर पद ओपन होते ही अनेकानेक दावेदार सामने आ गए थे. ऐसे में तेजवानी का पलडा भारी हो गया और कडी प्रतिस्पर्धा के बावजूद सतत दूसरी बार मनपा सदन पहुंचे तेजवानी को बीजेपी ने प्रथम नागरिक बनाने का निर्णय घोषित किया. वे बढते कदम संगठन के जरिए सामाजिक कार्यो में पूरे वर्ष एक्टीव रहते हैं. तेजवानी के मेयर बनने से समस्त जवाहर स्टेडियम प्रभाग 7 में प्रसन्नता का वातावरण है. तथापि उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के कारण भाजपा समर्थकों ने अभी जश्न नहीं बनाया.





