शोभा नगर के बंद मकान से 3.10 लाख रुपए का माल उडाया

गाडगे नगर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.3 गाडगे नगर थाना क्षेत्र के शोभा नगर परिसर के नाग मंदिर के पास एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए शातिर चोर ने 3 लाख 10 हजार रुपए का माल चुरा लिया. पीडित महिला इलाज के लिए हैद्राबाद गई हुई थी. इसी दौरान घर में घुसकर नकदी और सोने के आभूषण चुरा लिए गए. गाडगे नगर पुलिस ने एक संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
जानकारी के मुताबिक गाडगे नगर थाने के शोभानगर निवासी प्रभा उत्तमराव शेंडे (63) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 दिसंबर 2025 को वे अपनी बेटी के इजाल के लिए हैद्राबाद रवाना हुई थी. घर से निकलते समय उन्होंने मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया था. रविवार 1 फरवरी की दोपहर करीब 3.30 से 4 बजे के बीच जब वे यात्रा के दौरान अकोला में थी, तब उनके किरायेदार आयुष कांबले का फोन आया. उसने बताया कि घर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला दिखाई नहीं दे रहा है. इस पर महिला ने तुरंत अपनी पडोसी सुरेखा गायकवाड को घर जाकर स्थिति देखने के लिए कहा. पडोसी ने जानकारी दी कि घर का ताला नहीं है और दरवाजा अंदर से बंद हैं. जब लोगों ने आवाज लगाई तो घर के भीतर से एक युवक बाहर आया, जिसकी पहचान महिला के रिश्तेदार अविनाश गजभिये (27) के रूप में हुई. युवक बिना कुछ बताए मौके से चला गया.

* घर लौटने पर हुआ चोरी का खुलासा
बेटी का इलाज पूरा होने के बाद जब महिला घर लौटी, तो उन्होंने देखा कि घर की अलमारी में रखे नकद 2 लाख 50 हजार रुपए और 20.5 ग्राम वजन के सोने के आभूषण गयाब थे. इस प्रकार कुल 3 लाख 10 हजार रुपए का किमती सामान चोरी हो चुका था. जब महिला ने अविनाश गजभिये से इस बारे में पूछताछ की तो उसने टालमटोल भरे जवाब दिए. इसकेे बाद महिला गाडगे नगर पुलिस स्टेशन पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. संदिग्ध आरोपी की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही हैं.

Back to top button