अंबापेठ-गौरक्षण-नमूना प्रभाग की नवनिर्वाचित नगरसेविका का कहना
स्वाती कुलकर्णी देगी स्वच्छता को प्राथमिकता

* मनपा की आमदनी बढाने पर भी बल
* उद्यान, खेलों के मैदान विकसित करेंगे
अमरावती/दि.3 – भारतीय जनता पार्टी की अंबापेठ-गौरक्षण-नमूना प्रभाग 13 की नवनिर्वाचित नगरसेविका स्वाती कुलकर्णी ने अपने शहर के बीचोबीच स्थित एवं विस्तृत प्रभाग में स्वच्छता को वरीयता देने की बात ‘अमरावती मंडल’ से खास चर्चा करते हुए कही. कुलकर्णी सतत दूसरे टर्म भारी वोटों से विजयी हुई है. उन्होंने आरंभ में ही कह दिया कि, प्रभाग की समस्या और विकास प्रकल्पो से वे भलीभांती परिचित है. उन्हें मुख्यमंत्री के ननिहाल का इसी प्रभाग में निवास होने एवं महापालिका मुख्य कार्यालय भी इसी प्रभाग में होने का एहसास है. स्वाती कुलकर्णी ने कहा कि, वे महापालिका की आमदनी बढाने वाले प्रकल्पों पर भी जोर देना चाहेगी. उन्होंने कहा कि, महापालिका के खुले प्लॉट को विकसित करने पर आमदनी हो सकती है. जिससे अंतत: विकास के कार्यो को बल मिलेगा.
* उद्यान और खेल के मैदान
अत्यंत सहज, सरल स्वभाव की स्वाती कुलकर्णी ने कहा कि, चार वर्षों तक प्रशासकराज में अंबापेठ प्रभाग भी थोडा उपेक्षित हो गया था. अधिकारी वर्ग ध्यान नहीं दे पाया. इसलिए गंदगी हटाना तो प्राथमिकता है ही. प्रभाग के उद्यानों और खेल के मैदानों का विकास भी उनकी वरीयता सूची में है. स्वाती कुलकर्णी ने कहा कि बच्चों को खेल के साधन मिले, तो निश्चित ही वे स्क्रीन टाइम कम करेंगे. उसी प्रकार शारीरिक रुप से मजबूत होंगे.
* अंबादेवी-एकवीरा देवी क्षेत्र में सुविधाएं
अमरावती की कुलदैवत अंबादेवी-एकवीरा देवी संस्थान भी अंबापेठ प्रभाग में सम्मिलित है. नगरसेविका स्वाती कुलकर्णी के यजमान चंद्रशेखर उर्फ शेखर कुलकर्णी एकवीरा संस्थान के सचिव है. ऐसे में अंबादेवी क्षेत्र में नागरी सुविधाएं बढाने, पक्की और अच्छी सडक देने, प्रसाधन की सुविधा देने पर जोर रहेगा, ऐसा भी स्वाती कुलकर्णी ने कहा. उन्होंने कहा कि, रोज हजारों लोग देवी दर्शन को आते हैैं. ऐसे में दर्शनार्थीयों को अपेक्षित जनसुविधाएं इस बार निश्चित ही बढाई जाएगी. संपूर्ण परिसर साफ-सुथरा करने के साथ वहां कुछ सौंदर्य बढाने के मानुमेंट भी स्थापित किए जाएंगे. जगमगाहट बढाएंगे. यहां दुकानदारों को बिझनेस में सुविधा और प्रोत्साहन मिले, इस पर भी जोर निश्चित ही रहेगा.
* चालिसगांव की ननिहाल
उल्लेखनीय है कि, कुलकर्णी दंपति की एकमात्र संतान श्रीपाद कुलकर्णी बीटेक फॉर्मा शिक्षित है. ठाणे के पास एरोली में कार्यरत है. जबकि उनके देवर विशाल कुलकर्णी विहिंप, संघ के जानेमाने तथा सक्रिय कार्यकर्ता है. खामगांव बैंक के संचालक रहने के साथ हेडगेवार अस्पताल में भी जुडे हैं. विशाल कुलकर्णी न केवल अंबापेठ प्रभाग अपितु आसपास के सभी क्षेत्रों में जाने जाते हैं. कुलकर्णी परिवार के दिवंगत वसंतराव कुलकर्णी का सभी समाज माहेश्वरी, खंडेलवाल, अग्रवाल समाज से जुडाव रहा है. शेखर और विशाल कुलकर्णी का ननिहाल चालिसगांव का है. जहां के प्रसिद्ध रामदेवबाबा मंदिर के बापजी ने ही श्रीमती कुलकर्णी का कन्यादान किया था.
* आमदनी बढाने के कदम
दूसरी बार नगरसेविका निर्वाचित स्वाती कुलकर्णी ने मनपा की आमदनी बढाने के विषय में सुझावों पर अमल करने का संकेत दिया. उन्होंने कहा कि, मनपा में फंड होगा तो लगातार विस्तृत होते अमरावती शहर के विकास पर हम बल दे सकेंगे. इसके लिए मनपा की हाउस टैक्स वसूली प्रभावी होने के साथ आय के नए साधन जुटाने पर जोर रहना चाहिए.





