सरकारी मेडिकल कॉलेज हेतु जमीन आलियाबाद में आवंटित

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्बारा ऐलान

* बहुप्रतीक्षित जगह प्रदान का आदेश जारी
* आलियाबाद सर्वे नं.9 में 11.29 एकड भूमि प्रदान
* विधायक रवि राणा की एक और विजय
अमरावती/ दि. 4- अमरावती के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय हेतु चला आ रहा भूमि आवंटन का विषय आखिरकार पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आज सॉल कर दिया. मेडिकल कॉलेज शुरू हुए दो वर्ष हो चुके हैं. ऐसे में भूमि आवंटन का निर्णय प्रलंबित था. जिसे पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जारी करते हुए बडनेरा के पास कोंडेश्वर रोड पर आलियाबाद सर्वे नं.9 में 11.29 हेक्टेयर भूमि का हस्तांतरण चिकित्सा शिक्षा विभाग को कर दिया. मेडिकल कॉलेज के वास्ते जिले के अन्य नेता तथा जन प्रतिनिधियों ने अन्यत्र की जमीन के सुझाव दिए थे. वह सभी दर किनार कर युवा स्वाभिमान विधायक रवि राणा की बात रखते हुए महायुति सरकार ने आज फाइनल कर दिया.
बनेगा 430 बेड का अस्पताल
उक्त भ्ाूमि पर 100 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता का नया मेडिकल कॉलेज बनाया जायेगा. साथ ही 430 बेड का अस्पताल भी निर्मित होगा. अमरावती और आसपास के नागरिकों को आधुनिक तथा गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होगी. इस प्रकार की घोषणा पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्वयं सोशल मीडिया पर की. उन्होेने संदेश में यह भी कहा कि भूमि आवंटन से मेडिकल कॉलेज भवन का मार्ग प्रशस्त हो गया है. विदर्भ के विद्यार्थियों हेतु चिकित्सा शिक्षा के अवसर बडे प्रमाण में उपलब्ध हो रहे हैं.
गर्व और प्रसन्नता
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि अमरावती जिले के पालकमंत्री के रूप में उन्हें बडा अभिमान महसूस हो रहा है. जिले के नागरिकों ने बडे दिनों से यह डिमांड की थी. शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की पहल तथा सातत्यपूर्ण फालोअप के कारण मिल सका. आज भूमि का विषय भी सॉल हो गया. बावनकुले ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने संदेश को धन्यवाद देवेन्द्र जी और गोपाला- गोपाला, देवकीनंदन गोपाला इन शब्दों के साथ पूर्ण किया और भूमि प्रदान संबंधित सरकाीर कागजात भी उन्होंने शेयर किए हैं.
बढेगी स्वास्थ्य सुविधाएं
जिले के पालकमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि अमरावती में सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू होने से विदर्भ के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं बढ जायेगी. निश्चित ही जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से उनका तत्पर उपचार होगा. पालकमंत्री ने भूमि आवंटन पर अपार हर्ष और गौरव व्यक्त किया है.


विधायक राणा गदगद, माना सीएम और पालकमंत्री का आभार
बडनेरा क्षेत्र के विधायक और युवा स्वाभिमान नेता रवि राणा ने आलियाबाद में ही सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए बहुप्रतीक्षित भूमि आवंटन पर अपार खुशी और आभार व्यक्त किया है. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस तथा जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमरावती की जनता की बडी मांग राज्य सरकार ने मान ली है. विधायक रवि राणा ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना आलियाबाद में करने के लिए महत प्रयास किए थे. उसी प्रकार आलियाबाद में करीब दो साल पहले ही विधायक रवि राणा और पूर्व सांसद नवनीत राणा के प्रयासों से देश के स्वास्थ्य मंत्री के हाथों भूमिपूजन भी संपन्न हुआ था.

Back to top button