अपार खुशी, मनपा में महायुति की सत्ता से बीजेपी अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे गदगद
रूके पडे विकास कार्य करेंगे पूरे

* महापालिका में चार वर्षो बाद जनता राज प्रारंभ
* भूमिगत गटर योजना करेंगे पूर्ण , साफ सफाई को प्राथमिकता
अमरावती/ दि. 6- चार वर्षो बाद वह घडी आयी. जिसका अमरावती के लोगों को बडी प्रतीक्षा थी. आज भारतीय जनता पार्टी के श्रीचंद तेजवानी महापौर चुने गये. जिससे बडी प्रसन्नता हो रही है. भाजपा नीत दलों की मनपा में सत्ता आने से भाजपा शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे ने अपार खुशी व्यक्त कर अब जिम्मेदारी बढ जाने की बात भी कहीं. मेयर, डेप्युटी मेयर इलेक्शन होते ही डॉ. धांडे ने कहा कि अटके पडे विकास कार्यो के प्रोजेक्ट पहले पूरे किए जायेंगे. भूमिगत गटर योजना का काम पूरा किया जायेगा. साफ सफाई को बेशक प्राथमिकता होगी.
महायुति मजबूत
भाजपा अध्यक्ष डॉ. धांडे ने बडी प्रसन्नता से कहा कि महापालिका में भी महायुति के चारों दल एक होने से विपक्ष धराशाही हो गया. भाजपा, युवा स्वाभिमान, राष्ट्रवादी अजीत पवार और शिवसेना शिंदे गट के नगरसेवको ने अपनी मुठ्ठी मजबूत करते हुए मेयर चुनाव में भाजपा के श्रीचंद तेजवानी तथा उप महापौर चुनाव में युवा स्वाभिमान के सचिन भेंडे को विजयी कर दिया. यह चारों दलों की एकजुटता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. अब मनपा के जरिए शहरवासियों की सेवा और नागरी सुविधाएं भरपूर व समय पर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. उसे जवाबदारी से निभायेंगे.
दोनों को मिले सभी वोट
डॉ. नितिन धांडे ने स्पष्ट कर दिया कि महायुति के बडे नेताओं ने मनपा सत्तासूत्र तय कर दिए थे. उस हिसाब से महापौर चुनाव में श्रीचंद तेजवानी को और उप महापौर चुनाव में भी महायुति प्रत्याश्ीा सचिन भेंडे को सदस्य संख्या के अनुरूप 54-54 पूरे वोट प्राप्त हुए हैं. अब श्रीचंद तेजवानी मनपा सदन के सभापति बन गये हैं. भाजपा के 25, युवा स्वाभिमान के 15, राष्ट्रवादी अजीत पवार के 11 और शिवसेना शिंदे गट के सभी तीन नगरसेवकों ने वोट दिए हैं. जो मनपा सदन में महायुति के मजबूत होने का परिचायक है. विपक्ष को महायुति ने धराशाही कर दिया है.
स्थायी समिति सभापति पर बोले
महापौर और उप महापौर चुनाव पश्चात महायुति की शानदार विजय का जश्न मनाते डॉ. नितिन धांडे ने स्थायी समिति के सभापति पद पर भी भाजपा उम्मीदवार के चयन के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि स्टैंडिंग सभापति बीजेपी का होगा. बता दे कि महायुति में 25 सदस्यों के साथ सबसे बडा दल है. उसके सर्वाधिक 5 सदस्य स्थायी समिति में चुने जाने है. यह भी उल्लेखनीय है कि महापालिका के सभी आर्थिक निर्णय स्थायी समिति सभापति करते हैं. इसलिए कहा जाता है कि स्थायी समिति अध्यक्ष के पास ही तिजोरी की चाबी रहती है. डॉ. नितिन धांडे ने पूछने पर बताया कि स्वीकृत सदस्यों के लिए शहर जिला बीजेपी ने अभी कोई नाम तय नहीं किए हैं.
बीजेपी की प्राथमिकताएं अनेक
डॉ. नितिन धांडे ने बडे हर्ष के साथ कहा कि लगातार दूसरी बार महापालिका में भाजपा की सत्ता बरकरार रही है. इसका निश्चित ही हर्ष और गौरव है. उसी प्रकार बीजेपी ने सिंधी समाज को नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है. समस्त महाराष्ट्र में एकमात्र महापौर है जो सिंधी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं. इस बात का भी हमें अभिमान और हर्ष है. बीजेपी की मनपा को लेकर कई प्राथमिकताएं है. घोषणापत्र के वादों को पूर्ण करने के साथ सर्वप्रथम अटकें पडे प्रकल्पों को साकार करना हैं. जिसके लिए संपूर्ण तालमेल रखकर और नियोजन के साथ आगे बढा जायेगा.
रोज आयेंगे नल
भाजपा अध्यक्ष डॉ. धांडे ने शहर की पेयजल समस्या को सदा के लिए हल करते हुए रोज भरपूर पेयजल उपलब्ध करवाने की बात कही. उन्होंने अभी शहर के अधिकांश भागों में हो रही एक और दो दिन के अंतराल पर हो रही जलापूर्ति को रोजाना करने की बात कहीं. अर्थात अब नलों में रोज ही पानी आयेगा. इससे पानी का अपव्यय भी कम होने का दावा उन्होंने किया. डॉ. धांडे ने कहा कि साफ- सफाई पर सर्वाधिक ध्यान रहेगा.मनपा र्द्बारा सफाई का काम ठेके पर दिया गया है. उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर महायुति के सभी नगरसेवक ध्यान देंगे. लोगों की सर्वाधिक शिकायत गंदगी साफ न होने को लेकर रहती है. अत: सफाई का काम नित्य टाइम टेबल बनाकर अमल में लाया जायेगा. दूरदराज के भागों पर भी रोज सफाई कर्मी और कंटेनर की पहुंच सुनिश्चित की जायेगी.
बीजेपी का शहर विकास का ब्ल्यूप्रिंट
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष ने अमरावती के चौमुखी विकास को लेकर पार्टी का जोरदार नियोजन होने और उसका ब्ल्यूप्रिंट शीघ्र जारी करने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि ब्ल्यूप्रिंट तैयार है. जिसमें विकास के नये प्रकल्प, महापालिका की आमदनी बढाने के उपाय, सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी सर्विलान्स और सभी बातें समाहित की गई है. मनपा की हाउस टैक्स की वसूली पर भी जोर दिया जायेगा. इसके लिए आवश्यक कदम उठाने की बात उन्होंने कही. भाजपा अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे ने कहा कि आज वर्षो बाद महापालिका में जन सामान्य का राज पुन: स्थापित हुआ है. इस बात की सभी को अपार प्रसन्नता है. अब जन्म प्रमाणपत्र हो या अन्य कोई छोटे से छोटा और मकान, भवन बनाने के नक्शे को पास करने के काम निश्चित ही गतिमान होंगे.
सीएम और पालकमंत्री का आभार
भाजपा नेता डॉ. धांडे ने अमरावती महापालिका में महायुति की सत्ता के लिए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्बारा की गई पहल और प्रयासों का खास उल्लेख कर कृतज्ञता जताई. उन्होंने यह भी कहा कि मनपा की सत्ता आने से बीजेपी और सहयोगी दलों की जिम्मेवारी बढ गई है. उसे सावधानी से निभाना सभी का कर्तव्य है.





