9 फरवरी को दिवंगत जननेता अजितदादा पवार को सर्वदलीय श्रद्धांजलि
संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

* विधायक संजय खोडके ने दी जानकारी, उपस्थित रहने की अपील
अमरावती/दि.7- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिवंगत उपमुख्यमंत्री जननेता अजितदादा पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से सोमवार 9 फरवरी को सायं 5 बजे संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन, अमरावती में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है. इस आशय की जानकारी विधायक संजय खोडके ने दी.
विधायक खोडके ने बताया कि इस श्रद्धांजलि सभा में जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे सहित जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुख उपस्थित रहेंगे. दिवंगत जननेता अजितदादा पवार के आकस्मिक निधन से संपूर्ण महाराष्ट्र शोकाकुल है और उनके चाहने वाले तथा समर्थक गहरे दुख में डूबे हुए हैं. उनके जनहितैषी और पवित्र कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने की भावना से अमरावती में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की इच्छा विधायक संजय खोडके एवं विधायक सुलभा खोडके ने व्यक्त की है. इसी क्रम में सोमवार, 9 फरवरी को सायं 5 बजे संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन, अमरावती में दिवंगत अजितदादा पवार के कार्यों को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी. इस अवसर पर जिले के वर्तमान व भूतपूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, मंडल एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे. विधायक संजय खोडके ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहकर दिवंगत लोकनेता अजितदादा पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करें.





