चित्रा चौक ब्रिज के पिलर से टकराया ट्रक, बडा हादसा टला

घटना के बाद मौके पर ट्रैफिक सिपाही तैनात

* उडानपुल निर्माण कार्य के कारण रोका गया है मार्ग का यातायात
अमरावती/दि.9 – चित्रा-पठान चौक उडानपुल के दुबारा शुरु हुए निर्माण कार्य के बीच आज सुबह 11 बजे के दौरान एक ट्रक द्वारा पिलर को टक्कर मार देने से खलबली मची. टक्कर जोरदार थी, जिसके कारण पिलर के उपर मौजूद पुल का ढांचा थरथरा उठा था. वह गिर जाता तो बडी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था. वहां रोके गए मार्ग पर उक्त घटना के बाद यातायात सिपाही मुस्तैद किया गया है.
जानकारी के अनुसार उडानपुल का काम गति पकड चुका है. वहां पठान चौक एरिया के हिस्से में शीघ्र बडा निर्माण होने जा रहा है. इसलिए एक तरफ का मार्ग रोककर एकेडेमिक स्कूल के मैदान से वाहनों की आवाजाही डायवर्ट की गई है. बडी संख्या में फोर विलर्स और टू-विलर वहां से गुजर रहे हैं. आज पूर्वान्ह एक ट्रक चालक का ध्यान न रहा और वह रोके गए मार्ग पर आगे बढ गया. उसने उडानपुल के पिलर को टक्कर मार दी. पिलर का ढांचा हिल गया था. वह धराशाही हो जाता तो कदाचित बडी दुर्घटना होती. सभी ने शुक्र माना कि, ढांचा नहीं गिरा. दुर्घटना पश्चात दोपहर से ही वहां यातायात सिपाही तैनात किया गया, जो वहां से गुजरते वाहनों को दिशा-निर्देश कर रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि, उडानपुल का निर्माण प्रलंबित हो जाने से काफी लोग परेशान हो रहे हैं. मामला बंबई हाईकोर्ट में पहुंचा है. कल इस विषय में दायर याचिका पर अगली सुनवाई होनी है. कोर्ट द्वारा उडानपुल का काम पूरा करने दी गई 31 दिसंबर की डेडलाइन कब से ही बीत चुकी है. इस बीच आज के हादसे ने फिर इस उडानपुल की ओर लोगों का ध्याना खींचा.

Back to top button