एमडी ड्रग्स, गुटखा तस्करी पर लगाए रोक

ट्रैफिक समस्या को लेकर भी करें कडी कार्रवाई

* कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों ने शहराध्यक्ष बबलू शेखावत व पूर्व महापौर विलास इंगोले व मिलिंद चिमोटे के नेतृत्व में सीपी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.9- अमरावती शहर में युवाओं के बीच बढ़ते एमडी ड्रग्स के सेवन, गुटखा व तंबाकूजन्य पदार्थों की अवैध बिक्री तथा शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से सोमवार को अमरावती महानगरपालिका के नवनिर्वाचित 15 नगरसेवकों ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा.
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बबलु शेखावत ने किया. इस अवसर पर कांग्रेस के गटनेता विलास इंगोले, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे सहित कांग्रेस के नवनिर्वाचित नगरसेवक उपस्थित थे. ज्ञापन में कहा गया कि शहर में युवाओं के बीच एमडी ड्रग्स का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इस पर तत्काल रोक लगाते हुए संबंधित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ऐसी मांग कांग्रेस पार्टी की ओर से की गई. साथ ही गुटखा एवं तंबाकूजन्य पदार्थों की अवैध बिक्री में लिप्त व्यापारियों और विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई. इन नशीले पदार्थों के कारण युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी गहरी चिंता जताई गई. कई स्थानों पर सिग्नल तोड़ना, यातायात नियमों का उल्लंघन और ट्रैफिक पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली के कारण छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों तथा वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है. इस पर तत्काल प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की गई. कांग्रेस पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस आयुक्त से इन सभी गंभीर मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. पार्टी ने स्पष्ट किया कि शहर की कानून-व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और नागरिकों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस लगातार प्रयासरत रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे आंदोलन भी किया जाएगा.

Back to top button