शेगांव नाका रोड पर धधके दो चप्पल स्टॉल

दमकल की तत्परता, दो लाख की क्षति का अंदाज

अमरावती/ दि. 13- शुक्रवार 13 फरवरी की सुबह 10.30 बजे शेगांव नाका रोड न्यू कॉटन मार्केट के पास दो चर्मोद्योग स्टॉल अचानक आग से घिर गये. दमकल ने तुरंत मौके पर पहुंच लगभग आधे घंटे के प्रयत्नों पश्चात आग पर काबू पाया. तब तक मोहम्मद साद घाणेवाले और रितेश अटवर्धन की दुकानों का अंदाजन दो लाख का नुकसान हो गया. फिर भी दमकल कर्मियों ने आसपास के चर्मोद्योग स्टॉल को नुकसान से बचा दिया. आग लगने की वजह समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सकी थी. सौभाग्य से आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
दमकल विभाग ने बताया कि 10.32 बजे उक्त आग की सूचना मिलते ही शिफ्ट प्रमुख सुनील काकडे के आदेश पर दमकल लेकर फायरमैन अमोल सालुंके, विक्की हिवराले, संतोष डोईफोडे घटनास्थल रवाना हुए. 30-40 मिनट मशक्कत पश्चात आग पर नियंत्रण किया जा सका. होजरील पाइप से आग पर नियंत्रण किया गया. काफी मात्रा में चप्पल, जूते, सेंडल नुकसान से बचाए गये. आगे जांच गाडगे नगर थाने के वरिष्ठ पीआई कर रहे है.

Back to top button