प्रगति दिनेश कल्पेकर बनीं ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की सफल प्रतियोगी

जीते 5 लाख रुपये, विभागीय सूचना कार्यालय में कार्यरत लिपिक की है बेटी

अमरावती /दि.26- महाराष्ट्र शासन के सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के अमरावती स्थित विभागीय सूचना कार्यालय में लिपिक व टंकलेखक पद पर कार्यरत प्रगति दिनेश कल्पेकर ने सोनी टीवी के लोकप्रिय ज्ञानवर्धक कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 लाख रुपये का पुरस्कार जीता है. उन्होंने कार्यक्रम के मेजबान महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा पूछे गए सवालों के सही जवाब देते हुए तीन चरण सफलतापूर्वक पूरे किए.
पढ़ने, मनन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का शौक रखने वाली प्रगति की इस उपलब्धि की अमरावती में सराहना हो रही है. केबीसी में प्रवेश के लिए आयोजित प्रारंभिक चरण में विभिन्न कठिन परीक्षाओं के साथ कंप्यूटर के माध्यम से रैंडम चयन प्रक्रिया हुई थी. इसमें प्रगति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई. इसके बाद घइउ की टीम ने उनसे संपर्क कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया. कार्यक्रम में ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ चरण बेहद महत्वपूर्ण रहा. इस चरण में कुछ मिलीसेकंड का अंतर भी प्रतियोगी के चयन में निर्णायक साबित हो सकता है. ऐसे में ज्ञान के साथ-साथ समय की सटीक समझ, त्वरित प्रतिक्रिया और भाग्य भी महत्वपूर्ण होता है. प्रगति ने इस चरण में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचने का गौरव हासिल किया. प्रगति कल्पेकर के केबीसी में भाग लेने वाले एपिसोड का प्रसारण गुरुवार 27 अगस्त और शुक्रवार 28 अगस्त को रात 9 बजे सोनी टीवी पर दो भागों में किया जाएगा. अमरावतीवासियों से इन दोनों एपिसोड को अवश्य देखने की अपील की गई है.

Back to top button