मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की सड़क हादसे में मौत
मां ने भी तोड़ा दम, पिता समेत तीन लोग गंभीर घायल

* उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर ट्रक से कार की भीषण टक्कर
* महाकाल दर्शन को जा रहा था परिवार, सोशल मीडिया जगत में शोक
उज्जैन/हाथरस /दि.26- उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली लोकप्रिय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय (23) और उनकी मां सारिका वार्ष्णेय (50) की मध्य प्रदेश में एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब पूरा परिवार उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए जा रहा था. दुर्घटना में छवि और उनकी मां की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके पिता सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उज्जैन-गरोठ फोरलेन मार्ग पर रामाखेड़ी गांव के समीप हुआ. परिवार कार से उज्जैन की ओर जा रहा था, तभी उनकी कार एक ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
बताया जाता है कि सोमवार देर रात छवि वार्ष्णेय अपने माता-पिता, रिश्तेदारों और चालक के साथ महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए निकली थीं. रामाखेड़ी गांव के पास अचानक उनकी कार ट्रक से टकरा गई. दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि छवि और उनकी मां सारिका वार्ष्णेय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना में छवि के पिता श्यामलाल वार्ष्णेय, रिश्तेदार सूरजपाल तथा चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बड़ोद के सरकारी अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है.
* सोशल मीडिया पर बनाई थी अलग पहचान
छवि वार्ष्णेय सोशल मीडिया की उभरती हुई और लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर थीं. उनके यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे, जबकि इंस्टाग्राम पर उन्हें एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते थे. अपने वीडियो और रचनात्मक कंटेंट के कारण उन्होंने कम उम्र में ही बड़ी पहचान बना ली थी. उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई. हजारों प्रशंसकों, कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
छवि का परिवार उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के महौखास गांव का निवासी बताया जा रहा है. मंगलवार को मां-बेटी के पार्थिव शरीर गांव लाए जाने की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक साधारण परिवार से निकलकर सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के दिलों तक पहुंची छवि वार्ष्णेय की असमय मौत ने उनके प्रशंसकों को गहरा सदमा दिया है. महाकाल दर्शन की यात्रा पर निकला परिवार इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. मां-बेटी की एक साथ हुई मौत ने इस घटना को और अधिक मार्मिक बना दिया है.





