ईद-ए-मिलादुन्नबी पर विधायक खोडके दम्पत्ति ने दी मुबारकबाद
चांदनी चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर शाही जुलूस का भव्य स्वागत

अमरावती/दि.26- ईद-ए-मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर अमरावती की विधायक सुलभा खोडके एवं विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने मुस्लिम समाज को शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे, शांति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया. चांदनी चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय के सामने पहुंची शाही जुलूस का खोडके दंपती ने भव्य स्वागत कर पर्व की खुशियों में सहभागिता निभाई.
ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर मरकज मस्जिद मिस्कीन शाह मियां से निकाले गए भव्य शाही जुलूस का शहरभर में उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया. जब जुलूस चांदनी चौक स्थित विधायक सुलभाताई खोडके के जनसंपर्क कार्यालय के सामने पहुंचा, तब खोडके दंपती ने मुस्लिम धर्मगुरुओं और मौलवियों का गुलाब पुष्प भेंट कर स्वागत किया तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान उन्होंने मौलवियों को ईद-ए-मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं. पारंपरिक वेशभूषा में शामिल छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया. जुलूस में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का वातावरण बन गया.
विधायक खोडके दम्पत्ति ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि शांति, सभ्यता, नैतिकता और मानवता का संदेश देने वाला लोकोत्सव है. उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर से प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए तथा सभी धर्मों के बीच आपसी सद्भाव और विश्वास और अधिक मजबूत होना चाहिए. उन्होंने विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना करते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और विविधता में एकता की भारतीय संस्कृति को और सुदृढ़ बनाते हैं. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे. पूरे आयोजन में उत्साह, श्रद्धा और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला.





