सुपर में जीभ के उन्नत कैंसर पर सफल जटिल सर्जरी

कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रोहित मुंधडा और डॉ. भूषण मुंदडा का रहा सहयोग

* मरीज की हालत स्वस्थ्य
अमरावती/दि.16 सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल, अमरावती में 55 वर्षीय एक मरीज के जीभ के उन्नत (एडवांस) कैंसर पर अत्यंत जटिल और उच्च कौशल वाली सर्जरी सफलतापूर्वक की गई. इस सर्जरी के माध्यम से कैंसर को पूरी तरह सुरक्षित सीमा के साथ निकालकर मरीज के जीवनमान को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया.
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज की जीभ के बड़े हिस्से में कैंसर फैल चुका था और यह दोनों ओर की गर्दन के लिम्फ नोड्स तक पहुंच गया था. मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम ने जीभ का अधिकांश हिस्सा निकालना, दोनों ओर की गर्दन के प्रभावित लिम्फ नोड्स निकालना तथा पीएमएमसी फ्लैप द्वारा पुनर्निर्माण जैसी जटिल सर्जरी की. सर्जरी के दौरान कैंसर को पूरी तरह हटाने के बाद छाती की मांसपेशी और त्वचा का उपयोग कर जीभ का पुनर्निर्माण किया गया, जिससे मरीज की निगलने की क्षमता और चेहरे की संरचना को यथासंभव सुरक्षित रखा जा सके. यह जटिल सर्जरी कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रोहित मुंधडा और डॉ. भूषण मुंदडा ने सहायक डॉ. प्रितीश पडगांवनकर के समन्वय में सफलतापूर्वक संपन्न की. इस पूरी प्रक्रिया में अस्पताल प्रशासन का मार्गदर्शन डॉ. अमोल नरोटे और डॉ. मंगेश मेंढे द्वारा किया गया. सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. राखी वानखडे और डॉ. रमणिका ढोमणे सहित डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रोहित मुंधडा ने बताया, उन्नत जीभ का कैंसर केवल सर्जरी तक सीमित नहीं होता, बल्कि मरीज के जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा होता है. हमारा मुख्य उद्देश्य कैंसर को पूरी तरह हटाकर उचित पुनर्निर्माण करना था. वहीं डॉ. भूषण मुंदडा ने कहा, ऐसी जटिल सर्जरी में सटीक योजना और टीमवर्क बेहद जरूरी होता है. बेहतर समन्वय के कारण अब अमरावती में ही इस प्रकार की बड़ी सर्जरी सफलतापूर्वक संभव हो रही है. इस सफल सर्जरी से यह साबित हुआ है कि अमरावती में ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बड़े महानगरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है.

Back to top button