ग्रामविकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सदस्य समेत तीन को एसीबी दल ने दबोचा

कान्होली ग्राम पंचायत की घटना, 30 हजार रुपए की ली रिश्वत

अमरावती /दि.26 – किए हुए काम के बिल निकालने के लिए 30 हजार रुपए की रिश्वत लेनेवाले व्यक्ति समेत ग्रामविकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सदस्य को एसीबी के दल ने गिरफ्तार कर लिया. यह घटना बुधवार को दोपहर दर्यापुर के कान्होली ग्राम पंचायत में घटित हुई. पकडे गए रिश्वतखोरों का नाम ग्रामविकास अधिकारी गोपाल देवीदास चारथल (50), ग्रापं सदस्य पद्माकर साहेबराव राऊत (52) और निजी व्यक्ति मोतीराम गोंडूजी कोल्हे (68) है.
शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत अंतर्गत जनसुविधा 2024-25 के तहत सीमेंट कांक्रीट मार्ग का निर्माण किया था. काम पूर्ण होने के बाद 8 लाख रुपए बिल निकला था. इसमें से 3 लाख 80 हजार रुपए शिकायतकर्ता को प्राप्त हुए थे. शेष 4 लाख 20 हजार रुपए बाकी रहने से यह बिल निकालने के लिए ग्रामविकास अधिकारी व ग्राम पंचायत सदस्य ने उससे 40 हजार रुपए की मांग की थी. तब शिकायतकर्ता ने 30 हजार रुपए देना तय किया था. सौदा तय करने के बाद 18 फरवरी को संबंधित ठेकेदार ने एसीबी दल के पास शिकायत दर्ज की. जांच करने पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग किए जाने की बात प्रकाश में आई. पश्चात 25 फरवरी को दर्यापुर के कोर्ट के सामने लक्ष्मी झेरॉक्स सेंटर के पास शिकायतकर्ता को बुलाया गया. शिकायतकर्ता दोपहर के समय झेरॉक्स सेंटर पर रहते ग्राम पंचायत सदस्य पद्माकर राऊत व निजी व्यक्ति कोल्हे वहां पहुंचे और शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते समय एसीबी के दल ने उन्हें दबोच लिया. पश्चात ग्रामविकास अधिकारी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया और दर्यापुर थाने में शिकायत दर्ज की गई. पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

Back to top button