बडनेरा के सेंट जॉर्ज चर्च परिसर में पौधारोपण

‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत पर्यावरण संरक्षण की पहल

लगाए गए पौधों के संवर्धन का लिया संकल्प
अमरावती/दि.16 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्यभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत विभिन्न शासकीय उपक्रम चलाए जा रहे हैं. इसी अभियान के अंतर्गत बडनेरा स्थित ऐतिहासिक सेंट जॉर्ज चर्च परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. चर्च प्रशासन और सीएस डॉ. प्रमोद निरवने के मार्गदर्शन में जिला सामान्य अस्पताल, अमरावती के परिचारिका संवर्ग के संयुक्त सहयोग से यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ.
पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी जरूरी है. इसी भावना के साथ कार्यक्रम में नीम, आंवला, आम, पीपल और क्रिसमस ट्री सहित विभिन्न फलदार एवं सजावटी पौधे लगाए गए. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और सदस्यों ने सभी पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उनके संवर्धन का संकल्प लिया.
* जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में नगरसेविका एवं महिला व बाल कल्याण समिति की सदस्य रजनी डोंगरे, जिला सामान्य अस्पताल की अधिसेविका ललिता अटालकर, सेंट जॉर्ज चर्च के रेव्हरंड योसेफ सोनटक्के तथा परिचारिका मनीषा रघबनसिंग प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के कारण पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गए हैं. शासकीय अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग और चर्च प्रशासन ने एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जो पहल की है, वह सराहनीय है.
* चर्च महिला मंडल और परिचारिका वर्ग का योगदान
इस उपक्रम को सफल बनाने में चर्च महिला मंडल तथा जिला सामान्य अस्पताल, अमरावती के परिचारिका एवं अधिपरिचारिका वर्ग ने सक्रिय सहभागिता निभाई. इनके साथ विजय रघबनसिंग, सुशील काले, अमोल शेलके, राजू वालदे, कल्पना कर्नेलस, रेखा दुर्गम, सौ. शेलके, विमल वालदे, नीलू डोंगरे, अरुणा काले, प्रिया गायधने, सुनीता कांबले, ब्लेसी, खुशी और मितांश सहित अन्य सदस्यों ने विशेष परिश्रम किए. कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. साथ ही, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संवर्धन के जरिए हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया.

Back to top button